मनोरंजन
28-Feb-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड के प्लेबैक सिंगर अरिजीत सिंह की सोशल मीडिया पोस्ट ने उनके प्रशंसकों को चिंतित कर दिया है। सिंगर ने अपनी पोस्ट में इशारा किया कि वह फिलहाल नए प्रोजेक्ट्स नहीं ले रहे हैं। हालांकि सिंगर ने आश्वासन दिया है कि उनके पास पुराने गानों की लंबी सूची मौजूद है जिन्हें पूरा करके समय-समय पर जारी किया जाएगा। उन्होंने संकेत दिया कि ये गाने इस साल के साथ-साथ अगले वर्ष तक भी रिलीज होते रह सकते हैं। अरिजीत ने ट्विटर पर अपने सुनने वालों के लिए एक विस्तृत संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा कि यह पोस्ट सिर्फ उन प्रशंसकों के लिए है, जो उनके संगीत से जुड़े हुए हैं। उन्होंने अपने फैन्स को “मेरे प्यारे दोस्तों” कहकर संबोधित किया और दुनिया भर से मिल रहे प्यार और दयालुता के लिए आभार जताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे नए प्रोजेक्ट्स भले ही न ले रहे हों, लेकिन लंबित गीतों को पूरा करने की प्रक्रिया जारी है। सिंगर ने अपने संदेश में सोशल मीडिया और टेक्नोलॉजी की दौड़ से दूर रहने की सलाह भी दी। उन्होंने लिखा कि लोगों को नकारात्मक माहौल में समय बर्बाद नहीं करना चाहिए, बल्कि पढ़ने, मेडिटेशन करने और सकारात्मकता बांटने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने 5जी के अत्यधिक उपयोग से बचने की अपील करते हुए मानसिक शांति को प्राथमिकता देने की बात कही। इस पोस्ट के बाद फैन्स ने अपनी चिंताएं व्यक्त कीं और उनसे काम जारी रखने की अपील की। एक यूज़र ने आग्रह किया कि वह प्रीतम ए. आर. रहमान और मिथून जैसे कंपोजर्स के गानों के असाइनमेंट लेना बंद न करें। इस पर अरिजीत ने जवाब देते हुए लिखा कि कुछ लोग सिर्फ अपने लिए संगीत रचते हैं, सबके लिए नहीं। उनकी यह प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई कि क्या वे भविष्य में इन बड़े कंपोजर्स के साथ काम जारी रखेंगे या नहीं। हालांकि प्रशंसक लगातार उनसे संगीत जारी रखने की गुहार लगा रहे हैं, अरिजीत के संदेश से साफ झलकता है कि वह इस समय अपने पुराने प्रोजेक्ट्स को पूरा करने और निजी शांति को प्राथमिकता देने के पक्ष में हैं। सुदामा/ईएमएस 28 फरवरी 2026