राष्ट्रीय
28-Feb-2026
...


-सीएम ने की उच्चस्तरीय समीक्षा, जताया शोक अमरावती,(ईएमएस)। आंध्र प्रदेश के काकिनाडा जिले में शनिवार को एक पटाखा निर्माण इकाई में हुए विस्फोट के बाद लगी भीषण आग में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ‘सूर्या श्री फायर वर्क्स’ नामक यूनिट में हुआ, जहां घटना के समय करीब 20 मजदूर काम कर रहे थे। मीडिया को जानकारी देते हुए जिला कलेक्टर एवं मजिस्ट्रेट सगिलि शन मोहन ने मौतों की पुष्टि की है। अधिकारियों के अनुसार, विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि कुछ शव आसपास के खेतों में जा गिरे। मरने वालों में अधिकांश महिलाएं बताई जा रही हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक तेज धमाके के बाद यूनिट में आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरा परिसर धुएं और लपटों से घिर गया। स्थानीय दमकल दल और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सीएम नायडू ने पटाखा निर्माण इकाई में हुई इस दर्दनाक घटना पर गहन समीक्षा की है। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर दुर्घटना के कारणों और राहत कार्यों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों को घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने तथा प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि विस्फोट ज्वलनशील रसायनों के संपर्क में आने से हुआ, हालांकि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। प्रशासन ने फैक्ट्री के सुरक्षा मानकों और लाइसेंस की भी जांच शुरू कर दी है। हिदायत/ईएमएस 28फरवरी26