:: जर्जर मकानों पर लगेंगे चेतावनी बोर्ड, गैर में चलने वाले वाहनों की होगी कड़ाई से जांच :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर की मशहूर रंगपंचमी गैर को सुरक्षित और भव्य बनाने के लिए प्रशासन ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। शनिवार को महापौर पुष्यमित्र भार्गव, कलेक्टर शिवम वर्मा और पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने मिलकर गौरा कुण्ड से राजबाड़ा तक पूरे रास्ते का निरीक्षण किया। अफसरों ने पैदल चलकर सड़क की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों को देखा। निरीक्षण के दौरान महापौर भार्गव ने निर्देश दिए कि जहाँ भी मेट्रो का काम चल रहा है, वहाँ लोहे की मजबूत बैरिकेडिंग की जाए। रास्ते में लटक रहे बिजली और केबल के तारों को तुरंत हटाने के साथ ही सड़कों के गड्ढे भरने (पेचवर्क) को कहा गया है। भीड़ को देखते हुए पुराने और जर्जर मकानों पर सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि लोग वहाँ खड़े न हों। महापौर ने कहा कि गैर गैरों को अपना बनाने की परंपरा है, इसलिए इसमें सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। गैर में शामिल होने वाले हर वाहन की फिटनेस जांच अनिवार्य होगी। यह देखा जाएगा कि गाड़ी के ब्रेक और स्टेयरिंग सही काम कर रहे हैं या नहीं। साथ ही, इमरजेंसी के लिए हर गाड़ी में एक एक्स्ट्रा ड्राइवर रखना जरूरी होगा। नगर निगम ने तय किया है कि जैसे ही गैर रास्ते से गुजरेगी, सफाई की टीमें तुरंत सड़क चकाचक कर देंगी। कलेक्टर शिवम वर्मा ने निर्देश दिए कि पूरे रास्ते में सीसीटीवी कैमरे, पीने के पानी के टैंकर और मेडिकल की टीमें तैनात रहें। पुलिस कमिश्नर ने भीड़ को संभालने के लिए भारी पुलिस बल लगाने की बात कही है। प्रशासन का मकसद है कि इंदौर की यह परंपरा पूरी सुरक्षा के साथ संपन्न हो। प्रकाश/28 फरवरी 2026