क्षेत्रीय
01-Mar-2026
...


- कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन होंगे मुख्य अतिथि - ‘गौ सेवा ही परम सेवा’ के संकल्प के साथ जुटेगा सर्व समाज कोरबा (ईएमएस) कोरबा-चांपा सड़क मार्ग अंतर्गत बसे ग्राम कनबेरी स्थित श्री गौधाम में गौसेवा के मार्ग को सुगम बनाने हेतु सड़क निर्माण कार्य का भव्य भूमिपूजन समारोह 2 मार्च सोमवार को आयोजित किया जा रहा है। आध्यात्मिक और सेवा भाव से ओत-प्रोत इस कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। * आस्था की जीवन रेखा बनेगी यह सड़क श्रीअग्रसेन गौसेवा समिति और माता माध्वी देवी गौसेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर धर्मप्रेमी बंधुओं में भारी उत्साह है। समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि यह सड़क केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि गौमाता के चरणों तक पहुँचने वाली आस्था की जीवन रेखा है। गौसेवा को सनातन संस्कारों की आधारशिला मानते हुए इस परियोजना को समाज उत्थान के एक नए अध्याय के रूप में देखा जा रहा है। * कई दिग्गज जनप्रतिनिधियों की रहेगी गरिमामयी उपस्थिति उक्त कार्यक्रम की अध्यक्षता कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल करेंगे। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य विनोद यादव, जनपद सदस्य अमृत लाल कंवर, ग्राम पंचायत कनबेरी सरपंच शत्रुहन सिंह, अग्रवाल सभा अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल, श्रीअग्रसेन गौसेवा समिति के अध्यक्ष जयंत अग्रवाल सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक सहित श्रद्धालु उपस्थित रहेंगे। * दोपहर 2 बजे से शुरू होगा मंगल कार्य आयोजन समिति ने बताया कि भूमिपूजन का यह दिव्य समारोह दोपहर 2 बजे गौधाम रोड, ग्राम कनबेरी में संपन्न होगा। अग्रवाल सभा कोरबा और स्थानीय गौसेवा समितियों ने समस्त क्षेत्रवासियों से इस पुण्यमयी अवसर पर उपस्थित होकर ‘गौ सेवा महायज्ञ’ का सहभागी बनने अपील की है। 01 मार्च / मित्तल