- मार्ग की भी मिलेगी जानकारी - ओवररेटिंग और मनमाने किराए पर लगेगी लगाम कोरबा (ईएमएस) यात्रियों की सुविधा को देखते हुए छत्तीसगढ़ परिवहन विभाग ने शासकीय और निजी बसों की लाइव लोकेशन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से करीब एक वर्ष पहले बस संगवारी एप शुरू किया था। इस एप के माध्यम से बसों की रियल टाइम ट्रैकिंग की जा सकेगी। अब इसमें ऑनलाइन टिकट की सुविधा भी शुरू करने की तैयारी है। जल्द ही यह सुविधा यात्रियों को मिलेगी। उक्त एप का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को बस संचालन से जुड़ी सभी जानकारी डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराना और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाना है। एप पर बस ड्राइवर और कंडक्टर को भी जोड़ा जाएगा, जिससे टिकट वितरण प्रक्रिया डिजिटल हो सकेगी। अक्सर निर्धारित दर से अधिक किराया वसूले जाने की शिकायतें मिलती हैं। शिकायतों के आधार पर समय-समय पर औचक निरीक्षण और नोटिस जारी किए जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद अनियमितताएं पूरी तरह नहीं रुक पा रही हैं। इसी समस्या को देखते हुए डिजिटल टिकटिंग और लाइव मॉनिटरिंग प्रणाली लागू करने का निर्णय लिया गया है। 01 मार्च / मित्तल