पटना, (ईएमएस)। पटना के आलमगंज थाना क्षेत्र के दादर मंडी इलाके में अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर 45 वर्षीय महिला पीडीएस दुकानदार की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी। इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। मृतका की पहचान दादर मंडी निवासी पंटू गुप्ता की पत्नी सुलेखा गुप्ता के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुलेखा गुप्ता स्थानीय स्तर पर पीडीएस (सार्वजनिक वितरण प्रणाली) की दुकान चलाती थी और इलाके में उनकी पहचान एक सक्रिय व्यवसायी महिला के रूप में थी। घटना के समय वह घर पर अकेली थीं। इसी दौरान अपराधी घर में घुसे और धारदार हथियार से उन पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और मोहल्लेवासियों में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में सुलेखा गुप्ता को तत्काल इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार महिला के शरीर पर कई जगह गहरे जख्म पाए गए, जिससे स्पष्ट है कि हमलावरों ने बेरहमी से वार किया था। घटना की सूचना मिलते ही आलमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बाद में पटना सिटी के अपर पुलिस अधीक्षक भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की समीक्षा की। साथ ही एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। संतोष झा- ०१ मार्च/२०२६/ईएमएस