क्षेत्रीय
01-Mar-2026
...


- संभाग स्तरीय पुष्प प्रदर्शनी के समापन कार्यक्रम में हुए शामिल - अनिमेष बने किंग ऑफ रोज, गोपाल को मिला क्वीन ऑफ रोज पुरस्कार गुना (ईएमएस)।“गुलाब की यह कहानी आने वाले समय में प्रदेश और देश के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बनेगी।” यह विचार उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने मानस भवन, गुना में आयोजित संभाग स्तरीय पुष्प प्रदर्शनी एवं कृषक कार्यशाला के समापन अवसर पर व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और प्राकृतिक खेती के समन्वय से किसान आर्थिक रूप से सशक्त बन सकते हैं। उद्यानिकी विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री शुक्‍ल ने संभाग के विभिन्न जिलों से आए कृषकों द्वारा लगाए गए स्टॉलों एवं पुष्प प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा उनसे संवाद कर खेती की उन्नत तकनीकों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गुलाब की खेती से एक एकड़ में सालाना लगभग 14 लाख रुपये तक की आय संभव है, जो पारंपरिक फसलों की तुलना में अधिक है। यह मॉडल अन्य किसानों के लिए भी मार्गदर्शक सिद्ध हो सकता है। उन्होंने रासायनिक उर्वरकों के बढ़ते उपयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। उन्‍होंने कहा कि ऑर्गेनिक उत्पाद न केवल स्वाद और गुणवत्ता में बेहतर होते हैं, बल्कि स्वास्थ्य की दृष्टि से भी सुरक्षित हैं। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्‍ल ने अपने संबोधन में स्वास्थ्य जागरूकता पर भी बल दिया। उन्होंने बताया कि महिलाओं में स्तन कैंसर के बाद सर्वाइकल कैंसर दूसरा सबसे आम कैंसर है। इससे बचाव के लिए एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया गया है। प्रथम चरण में 14–15 वर्ष की बालिकाएं अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर पहचान पत्र के साथ एक दिन में लगने वाली यह वैक्सीन अवश्य लगवाएं। उन्होंने समाज से अपील की कि इस अभियान को जनआंदोलन बनाकर हर बेटी को इस सुरक्षा कवच से जोड़ें। समारोह में प्रदर्शनी के प्रतिष्ठित पुरस्कारों की घोषणा भी की गई। जिसमें ‘किंग ऑफ रोज’ का पुरस्कार श्री अनिमेष श्रीवास्तव को उनकी ‘रिवाइवल’ किस्म के लिए प्रदान किया गया, जबकि ‘क्वीन ऑफ रोज’ का पुरस्कार श्री गोपाल अग्रवाल को उनकी ‘टॉप सीक्रेट’ किस्म के लिए दिया गया। गुलाब की ये उन्नत एवं आकर्षक किस्में प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण रहीं। कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता अरविंद्र गुप्ता, पूर्व विधायक श्री राजेंद्र सिंह सालूजा, जिला पंचायत सदस्य श्री संतोष धाकड़ सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल, पुलिस अधीक्षक श्री अंकित सोनी, उपसंचालक उद्यानिकी श्री केपीएस किरार एवं बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित थे। - सीताराम नाटानी