- शहर में बढ़ते हादसों पर जताई चिंता गुना (ईएमएस)। शहर में लगातार बढ़ते सडक़ हादसों और यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता ने गुना को रिंग रोड की सौगात दिलाने के लिए मोर्चा संभाल लिया है। शनिवार को उन्होंने इस संबंध में केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पृथक-पृथक पत्र लिखकर रिंग रोड निर्माण की स्वीकृति और कार्य शीघ्र शुरू कराने का विनम्र अनुरोध किया है। सिंधिया को याद दिलाया 2002 का वह संकल्प केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को लिखे पत्र में नपाध्यक्ष ने भावुकता के साथ पुराने संदर्भों का जिक्र किया। उन्होंने स्मरण कराया कि वर्ष 2002 में छात्र संघ चुनाव के दौरान दो छात्रों की सडक़ दुर्घटना में असामयिक मृत्यु हो गई थी। उस समय तत्कालीन छात्र संघ अध्यक्ष प्रीति गुप्ता एवं छात्रों की मांग पर सिंधिया जी ने ही शहर को बायपास की सौगात दी थी। श्रीमती गुप्ता ने पत्र में उल्लेख किया कि वर्तमान में शहर का विस्तार होने और ट्रैफिक बढऩे के कारण दुर्घटनाओं का ग्राफ फिर से बढ़ गया है, जिसे देखते हुए अब गुना को एक व्यवस्थित रिंग रोड की नितांत आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने वाले सिंधिया इस मांग को अवश्य पूर्ण करेंगे। मुख्यमंत्री से सुरक्षा और सुगम आवागमन की अपील मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भेजे गए पत्र में नपाध्यक्ष ने गुना नगर पालिका क्षेत्र की गंभीर स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि मुख्य मार्गों पर भारी वाहनों और बढ़ते यातायात के कारण नगरवासियों की सुरक्षा खतरे में है। रिंग रोड न होने के कारण शहर के भीतर जाम और हादसों की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि भाजपा सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों के तहत गुना को रिंग रोड की सौगात प्रदान की जाए, ताकि जनता को गंभीर खतरों से निजात मिल सके और आवागमन सुगम हो सके। नपाध्यक्ष श्रीमती सविता अरविंद गुप्ता ने स्पष्ट किया कि यदि रिंग रोड का निर्माण होता है, तो पूरी नगर पालिका परिषद और शहर की जनता शासन की सदैव ऋणी रहेगी। -सीताराम नाटानी