क्षेत्रीय
01-Mar-2026
...


- भीड़ ने इतना पीटा कि कपड़े फट गए, पुलिस को करना पड़ा बीच-बचाव राजगढ़(ईएमएस)l जिले के खिलचीपुर थाना अंतर्गत एक पटवारी ने अपने ही घर में पढ़ाई के लिए किराए से रह रही नाबालिग छात्रा का नहाते समय वीडियो बना लिया। जब इस हरकत का खुलासा हुआ तो बीती रात को गुस्साए परिजन और ग्रामीणो ने आरोपी के घर पहुंच कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। विवाद इतना बड़ा कि मारपीट में आरोपी के कपड़े तक फट गए। पुलिस को मौके पर पहुंचकर बीच बचाव करना पड़ा। छात्रा की शिकायत पर खिलचीपुर थाने में आरोपी पटवारी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी उमाशंकर मुकाती ने बताया कि आरोपी के मोबाइल से नाबालिग छात्रा के नहाते हुए वीडियो मिले हैं। - थाने के बाहर लगी लोगों की भीड़ पुलिस के अनुसार, पटवारी महेश साहू (50) के घर में आसपास के गांवों की नाबालिग छात्राएं पढ़ाई के लिए किराए से रहती थीं। एक सप्ताह पहले आरोपी की पत्नी राजस्थान के छबड़ा अपने रिश्तेदार के यहां गई हुई थी, जिससे घर में आरोपी अकेला था। शनिवार सुबह 11वीं की छात्रा परीक्षा देने से पहले नहाने के लिए बाथरूम गई। इसी दौरान पटवारी ने बाथरूम के गेट के ऊपर लगी जाली से अपने मोबाइल से छात्रा का वीडियो बना लिया। आरोपी ने एक नहीं, बल्कि 2 से 3 वीडियो रिकॉर्ड किए। छात्रा ने आरोपी को संदिग्ध हालात में देख लिया, लेकिन डर और परीक्षा के कारण तत्काल कुछ नहीं कहा। बाद में उसने साथ रहने वाली छात्राओं को यह बात बताई और परीक्षा देने चली गई। शाम को परीक्षा से लौटने के बाद छात्राओं ने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। रात करीब 9 बजे गुस्साए परिजन और ग्रामीण आरोपी के घर पहुंचे। जब उन्होंने आरोपी का मोबाइल चेक किया तो डिलीट किए गए वीडियो रीसाइकल बिन में मिल गए। यह देखते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने आरोपी की जमकर पिटाई की। इधर सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ से छुड़ाया। हालात इतने तनावपूर्ण थे कि पुलिस को आरोपी को पैदल, फिर बाइक से थाने ले जाना पड़ा। घटना के बाद देर रात तक थाने के बाहर लोगों की भीड़ लगी रही। लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते रहे। -निखिल/राजगढ़/1/3/2026