नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली के चंदन पार्क में अपनी पत्नी और तीन बेटियों की गला रेतकर हत्या करने वाले आरोपी मुनचुन केवट को राजस्थान के किशनगढ़ से गिरफ्तार कर लिया गया है। वह ऑनलाइन सट्टेबाजी और नशे का आदी था, जिस कारण उस पर सात लाख रुपये का कर्ज था। शुरुआती जांच में पता चला कि मुनचुन आनलाइन सट्टा खेलने व नशा करने का आदी था। ऐसे में उसने किसी से सात लाख रुपये कर्ज लिए थे। जिसे वह रुपये नहीं लौटा पा रहा था। कर्ज देने वाला शख्स बार-बार उसकी पत्नी को फोन कर रुपये की मांग करने लगा था, इसी बात को लेकर पति व पत्नी में विवाद चल रहा था। इस विवाद के बीच आरोपित ने इस कर्ज को चुकता करने के लिए ससुर से सात लाख रुपये की मांग की थी, लेकिन ससुर की ओर से दो लाख रुपये ही मिले थे। आरोपित ने कर्जदाता को दो लाख रुपये लौटा दिए, फिर भी इसपर पांच लाख रुपये का कर्ज था। आर्थिक तंगी व कर्ज से परेशान मुनचुन का आए दिन पत्नी से झगड़ा होता रहता था। ऐसे में उसने अपनी पत्नी व बेटियों की हत्या कर फरार हो गया। एक और चाैंकाने वाली बात यह सामने आई है कि मुनचुन केवल अपनी पत्नी की हत्या करना चाहता था, लेकिन हत्या के दौरान बेटियों के जाग जाने के कारण उन्हें भी मौत के घाट उतार दिया। जानकारी के मुताबिक पत्नी अनीता चाहती थी कि इन आदतों को मुनचुन छोड़ दे, लेकिन आरोपित इन आदतों को छोड़ने के बजाय, दिन-प्रतिदिन सट्टा खेलने की वजह से कर्जदार होता चला गया। इन आदतों से दूर करने के लिए अनीता ने एक तांत्रिक का भी सहारा लिया था। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/01/मार्च/2026