कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले में देर रात लगभग 10 बजे एक बड़ा सडक़ हादसा हो गया। कोरबा-कटघोरा-बिलासपुर बायपास मार्ग पर कोयला से भरा एक ट्रैलर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। हादसे के बाद सडक़ के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात घंटों तक बाधित रहा। जानकारी के अनुसार, घटना कटघोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत हुंकरा के आश्रित ग्राम मुड़ाभांटा बायपास मार्ग पर हुई। उक्त ट्रैलर भैयाथान (सूरजपुर) से रायगढ़ की ओर कोयला लेकर जा रहा था। इसी दौरान वाहन का नियंत्रण बिगडऩे से वाहन सडक़ पर पलट गया। हादसे में वाहन चालक और सह चालक गंभीर घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए चिकित्सालय भेजा। घटना के बाद पास के ग्राम मुड़ाभाटा के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। ट्रैलर से गिरे कोयले को उठाने के लिए लोगों में होड़ मच गई और बड़ी मात्रा में कोयला ले जाया गया। इधर, सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मार्ग को खाली कराने का प्रयास शुरू किया। पुलिस ने बायपास मार्ग को सुचारू रूप से बहाल कराया। 01 मार्च / मित्तल