* हुल्लड़बाजी, जबरन रंग लगाने और ओवरस्पीडिंग पर होगी सख्त कार्यवाही कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले में आगामी होली, ईद और गुड फ्राइडे पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सभी समुदायों के प्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ अपने-अपने पर्व मनाएं। प्रशासन की ओर से आश्वस्त किया गया कि त्यौहारों के दौरान सुरक्षा, पेयजल, बिजली और आपातकालीन सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, एसडीएम कोरबा सरोज महिलांगे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। होली के मद्देनज़र रासायनिक रंगों एवं मुखौटों के विक्रय और उपयोग पर रोक लगाने तथा हर्बल रंगों के प्रयोग को बढ़ावा देने का निर्णय लिया गया। किसी पर जबरन रंग न लगाने अपील की गई। होलिका दहन केवल सुरक्षित एवं खुले स्थानों पर करने, विद्युत तारों व ट्रांसफार्मर के समीप आयोजन न करने के निर्देश दिए गए। मुख्य मार्गों पर अस्थायी दुकानें न लगाने तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने का निर्णय लिया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पटले ने स्पष्ट किया कि मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन कर नशे में हुड़दंग, जबरदस्ती रंग लगाना, मुखौटा पहनकर हुटिंग करना, ओवरस्पीडिंग और ट्रिपल राइडिंग करने वालों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों में सतत पेट्रोलिंग के निर्देश दिए गए हैं। रमज़ान के मद्देनज़र मस्जिदों तथा गुड फ्राइडे को लेकर चर्चों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए। नगर निगम को जलापूर्ति और विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि त्यौहार आपसी प्रेम और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं, अतः इन्हें शांति, संयम और सद्भाव के साथ मनाए। 01 मार्च / मित्तल