- पेड़ों के तनों पर विज्ञान के चित्र और सूत्र उकेरे ब्यावरा(ईएमएस)l नगर के समीप शासकीय हाई स्कूल ढकोरा की शिक्षिका इंदिरा कुशवाहा ने शिक्षा के क्षेत्र में एक अभिनव पहल करते हुए स्कूल परिसर के पेड़ों को ही ज्ञान का स्तंभ बना दिया है। उनके इस नवाचार को पेड़ों से शिक्षा मॉडल के रूप में पहचान मिल रही है। स्कूल में पेड़ों के तनों पर विज्ञान के जटिल सूत्रों और प्रक्रियाओं को आकर्षक चित्रों के माध्यम से उकेरा गया है। प्रकाश संश्लेषण, न्यूटन के गति नियम और पर्यावरण चक्र को भी दृश्यों के रूप में दर्शाया गया है। तनों के माध्यम से बच्चे अब किताबों से बाहर निकलकर प्रकृति के बीच बैठकर विज्ञान को समझ रहे हैं। इस पहल की खास बात यह है कि छात्र रटने के बजाय पेड़ों के नीचे बैठकर चित्रों और उदाहरणों से विज्ञान के सिद्धांत याद कर रहे हैं। कलेक्टर गिरीश कुमार मिश्रा ने सोशल मीडिया पर इस प्रयास की सराहना की है। है। स्कूल के प्राचार्य रवि कुमार सुनहरी ने इसे प्रदेश स्तर पर अनुकरणीय मॉडल बताया। 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर यह मॉडल हर तरफ चर्चा का विषय बन गया है। शिक्षिका इंदिरा कुशवाहा का कहना है कि उनका उद्देश्य शिक्षा को किताबों के बोझ से निकालकर प्रकृति के करीब ले जाना है, जिससे बच्चे सहज तरीके से सीख सकें। -निखिल/ब्यावरा/1/3/2026