क्षेत्रीय
01-Mar-2026
...


- दिन के साथ रातें भी होंगी गर्म, अप्रैल-मई में रहेगा हीट वेव का ज्यादा असर भोपाल (ईएमएस)। मध्य प्रदेश में इस बार गर्मी कहर बरपाएगी। मार्च महीने में पारा 40 डिग्री तक पहुंच सकता है। मार्च के पहले हफ्ते में बारिश तो वहीं दूसरे हफ्ते से गर्मी का असर दिखने लगेगा। वहीं इस साल अप्रैल और मई में सबसे ज्यादा गर्मी पडऩे का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, एमपी में तीन महीने यानी मार्च से लेकर मई तक सामान्य से अधिक तापमान रहने के आसार है। दिन के साथ ही रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होगी। मार्च से ही इसका असर दिखने लगेगा। वहीं हीट वेव का असर अप्रैल-मई में ज्यादा रहेगा। मध्यप्रदेश में फरवरी खत्म होते-होते ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। जारी मौसम आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश के कई शहरों में अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। दिन का पारा सामान्य से 2 से 4 डिग्री तक ऊपर चल रहा है, जिससे दोपहर में तेज धूप और गर्म हवाओं का अहसास होने लगा है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के किसी भी हिस्से में बारिश दर्ज नहीं हुई। सुबह के समय आद्र्रता अपेक्षाकृत अधिक रही, लेकिन शाम तक नमी कम हो गई। दृश्यता सामान्य दर्ज की गई। खंडवा सबसे गर्म, भोपाल में भी चढ़ा पारा पश्चिमी मध्यप्रदेश में गर्मी का असर ज्यादा दिखाई दिया। खंडवा में अधिकतम तापमान 35 डिग्री दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा। नर्मदापुरम में 34.3 डिग्री,गुना में 33.4 डिग्री, राजधानी भोपाल में 32.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। पूर्वी मध्यप्रदेश में भी हालात अलग नहीं रहे। जबलपुर, दमोह, सागर, रीवा, सतना समेत अधिकांश शहरों में तापमान 32 से 34 डिग्री के बीच रहा।रात के तापमान में अभी हल्की राहत है। सबसे कम न्यूनतम तापमान पचमढ़ी में 11.8 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे पहाड़ी इलाकों में सुबह-शाम हल्की ठंडक बनी हुई है। मार्च से मई तक ज्यादा गर्मी के संकेत इस बीच मौसम विभाग ने मार्च से मई (हॉट वेदर सीजन) के लिए अपना मौसमी आउटलुक जारी किया है। इसके मुताबिक देश के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। मध्य भारत के कई इलाकों में सामान्य से ज्यादा गर्म दिन पड़ सकते हैं। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर रहने के संकेत हैं, यानी रातें भी धीरे-धीरे गर्म होंगी। मार्च से मई के दौरान कुछ क्षेत्रों में हीटवेव (लू) की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि मार्च 2026 के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य या उससे अधिक रह सकता है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश की संभावना भी जताई गई है, लेकिन उत्तर-पश्चिम और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में कम वर्षा हो सकती है। विनोद/ 01 मार्च 26