रेलमंत्री को यात्री ने टैग किया, तत्काल हरकत में आया रेल प्रशासन जबलपुर, (ईएमएस)। जबलपुर मुख्य रेल्वे स्टेशन पर एक स्टॉल से खरीदी गई रेल नीर की बंद बोतल में कचरा देख यात्री ने कचरे वाली उक्त पानी की बोतल की इंटरनेट पर प्रसारित कर दी। जैसे ही यह शिकायत रेल मंत्री को टैग की गई तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन में रेलवे के अधिकारियों की टीम संबंधित स्टाल पर जा पहुंची और वहां रखा रेल नीर का स्टॉक जब्त कर लिया गया। इसके बाद जब्त की गई बोतलबंद पानी की गुणवत्ता की जांच शुरू कर दी गई है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक ग्वालियर निवासी पवन शर्मा शुक्रवार को किसी काम से जबलपुर पहुंचें थे। उसके बाद वे जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस से घर वापसी के लिए दोपहर में लगभग पौने तीन बजे मुख्य रेल्वे स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक छह पर स्थित सांची के एक स्टॉल से रेल नीर की दो बोतल खरीदी और अपने बैग में रख लीं। ट्रेन में यात्रा के दौरान प्यास लगने पर यात्री शर्मा ने रेल नीर की एक बोतल निकाली तो उसके अंदर टिश्यू जैसा कचरा दिखा। इस पर उन्होंने दूसरी रेल नीर की बोतल को जांचा और उसमें भी इसी प्रकार का कचरा पाया तो तत्काल ही रेलवे प्रशासन को शिकायत भेजी। यही नहीं रेल नीर की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए एक पोस्ट सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रेल मंत्री को भी टैग किया। उनकी उक्त पोस्ट के कुछ देर बाद ही रेलवे की ओर से उन्हें पानी के बदले किए गए भुगतान की राशि वापस लौटा दी गई। यहां मामला संज्ञान में आते ही अधिकारियों ने तुरंत प्लेटफार्म क्रमांक छह पर पहुंचकर संबंधित सांची स्टॉल की जांच की। इस दौरान लगभग 80 रेल नीर की बोतलों को जब्त कर लिया गया है जिसकी गुणवत्ता की जांच कराई जा रही है। गौरतलब हो कि रेल्वे स्टेशन पर स्थित स्टालों में केवल आइआरसीटीसी की ओर से बोतलबंद पानी की आपूर्ति की जाती है। सुनील साहू / शहबाज / 29 फरवरी 2026