क्षेत्रीय
01-Mar-2026
...


- जीआरपी-आरपीएफ की बैठक में बनी संयुक्त रणनीति जबलपुर, (ईएमएस)। रेलवे पुलिस कार्यालय, जबलपुर में उच्च स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जीआरपी पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लेकर संयुक्त रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बेहतर तालमेल और त्वरित सूचना साझाकरण से यात्रियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा। बैठक का मुख्य उद्देश्य रेल यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना, ट्रेनों व रेलवे स्टेशनों पर होने वाले अपराधों की रोकथाम करना तथा आगामी त्योहारों के दौरान भीड़ प्रबंधन के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करना रहा। बैठक के दौरान इस बात पर विशेष बल दिया गया कि जीआरपी और आरपीएफ के बीच खुफिया सूचनाओं का नियमित और त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों का मत था कि दोनों इकाइयों के बीच मजबूत समन्वय से संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई संभव होगी और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा। वर्ष 2025-26 के दौरान संभावित अपराधों की रोकथाम के लिए संयुक्त कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके अंतर्गत ट्रेनों में नियमित पेट्रोलिंग, प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसरों में सघन चेकिंग अभियान तथा संवेदनशील स्थलों की निगरानी को प्राथमिकता दी जाएगी। त्योहारों में भीड़ प्रबंधन की रणनीति.. आगामी त्योहारों को देखते हुए रेल यात्रियों की संख्या में संभावित वृद्धि के मद्देनजर विशेष सुरक्षा इंतजाम करने का निर्णय लिया गया। अतिरिक्त बल की तैनाती, प्लेटफॉर्म पर सुव्यवस्थित आवागमन, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच और आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल की सक्रियता पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के समय यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोपरि है। इसके लिए संयुक्त रूप से अभियान चलाकर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या आपराधिक गतिविधि पनपने न पाए। अपराध नियंत्रण और सुरक्षा अभियान.. बैठक में यह भी तय किया गया कि रेलवे स्टेशनों और चलती ट्रेनों में छेड़छाड़, चोरी, लूट, अवैध गतिविधियों और अन्य आपराधिक कृत्यों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। महिला यात्रियों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के लिए विशेष निगरानी तंत्र विकसित करने पर भी सहमति बनी। इस बैठक में प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ) राजीव कुमार यादव, मुख्य सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ) जबलपुर रजनीश कुमार त्रिपाठी और वरिष्ठ मण्डल सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ) जबलपुर मुन्नवर खान प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त पुलिस उप महानिरीक्षक/पुलिस अधीक्षक रेल सिमाला प्रसाद, अति. पुलिस अधीक्षक रेल भावना मरावी, पुलिस उप अधीक्षक रेल अंकिता सुल्या, निरीक्षक सुमन विश्वकर्मा (रेल विशेष शाखा), निरीक्षक सोनल पाण्डेय (डिटेक्टिव निरीक्षक), कमलेश नागदेवे, शीघ्र लेखक नरेश कुमार बरसैया, रीडर एसआरपी रविन्द्र कुमार सिंह और सूबेदार रेलवे पुलिस लाइन जबलपुर आशीष दुबे सहित रेलवे पुलिस इकाई के समस्त थाना, चौकी व सहायता केंद्र प्रभारी तथा आरपीएफ के पोस्ट और आउट पोस्ट प्रभारी उपस्थित रहे। सुनील साहू / शहबाज / 29 फरवरी 2026