:: ब्रीथ एनालाइजर, बॉडी वॉर्न कैमरा और बैरिकेड्स से लैस होगी पुलिस; त्योहार पर सुरक्षा होगी चाक-चौबंद :: इंदौर (ईएमएस)। आगामी होली पर्व और शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक पारदर्शी व प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मायलन लैबोरेट्रीज ने सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत इंदौर पुलिस को अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरण प्रदान किए हैं। हाल ही में पुलिस कमिश्नरेट में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में कंपनी प्रबंधन ने पुलिस के आला अधिकारियों को सुरक्षा सामग्री सौंपी। कंपनी द्वारा पुलिस विभाग को 125 बैरिकेड स्टॉपर, 25 ब्रीथ एनालाइज़र मशीन, 20 बॉडी वॉर्न कैमरा, 200 सिग्नल लाइट और 200 ट्रैफिक जैकेट उपलब्ध कराई गई हैं। इन उपकरणों, विशेषकर ब्रीथ एनालाइज़र के माध्यम से नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्ती से अंकुश लगाया जा सकेगा। वहीं, बॉडी वॉर्न कैमरों के उपयोग से पुलिस की कार्यप्रणाली में अधिक पारदर्शिता आएगी और सड़क पर होने वाले विवादों की सटीक निगरानी संभव होगी। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजेश कुमार सिंह ने बताया कि ये उपकरण आगामी होली पर्व के दौरान कानून व्यवस्था और यातायात प्रबंधन में अत्यंत उपयोगी साबित होंगे। इनसे न केवल सड़क सुरक्षा बढ़ेगी, बल्कि पुलिस कर्मियों को भी फील्ड ड्यूटी में आधुनिक संसाधन मिलने से सुविधा होगी। इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त जोन-2 कुमार प्रतीक, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमरेन्द्र सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त पराग सैनी, थाना प्रभारी लसुड़िया सहित मायलन लैबोरेट्रीज की मैनेजमेंट टीम उपस्थित रही। पुलिस अधिकारियों ने कंपनी के इस सहयोग की सराहना करते हुए इसे सुरक्षित इंदौर की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया। प्रकाश/1 मार्च 2026