फिरोजाबाद जिले के थाना नसीरपुर क्षेत्र में ऑटो लूट की घटना के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। वाहन चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें एक दारोगा के हाथ को छूती हुई गोली निकल गई। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और लूटा गया ऑटो, नकदी व अवैध असलहा बरामद किया है। क्या है पूरा मामला? एएसपी देहात अनुज चौधरी के अनुसार राजेश कुमार, जो ऑटो चलाकर जीविका चलाते हैं, ने थाना नसीरपुर में तहरीर देकर बताया कि 1 मार्च 2026 की रात दो व्यक्तियों ने उनका ऑटो शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन से ग्राम रपड़ी जाने के लिए बुक किया था।रास्ते में दोनों आरोपियों ने उनका ऑटो, एक मोबाइल फोन और 1,200 रुपये लूट लिए और फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना नसीरपुर में मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद सौरभ दीक्षित के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी सिरसागंज के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया। 2 मार्च 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि लूटा गया ऑटो ग्राम रपड़ी के जंगल में छिपाया गया है और आरोपी उसे बेचने की फिराक में बहोरी डांडा से सहजादपुर डिडौली मार्ग की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना नसीरपुर पुलिस टीम ने सहजादपुर-डिडौली मार्ग पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध ऑटो आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो चालक ने ऑटो कच्चे रास्ते पर मोड़कर भागने का प्रयास किया। ऑटो में सवार दूसरे व्यक्ति ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में एचसीपी जितेन्द्र राजौरिया के हाथ को छूती हुई गोली निकल गई, जिससे वह घायल हो गए। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी. इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। घायल आरोपी की पहचान सोनवीर उर्फ सोनू पुत्र रामदास निवासी ग्राम खितौली थाना नसीरपुर (हाल निवासी शम्भू नगर, पालीवाल चौराहा, शिकोहाबाद) के रूप में हुई है।दूसरे आरोपी की पहचान प्रशान्त उर्फ भोला पुत्र सतीश चन्द्र निवासी ग्राम खितौली थाना नसीरपुर के रूप में हुई. घायल सोनवीर को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी थाना नसीरपुर में दर्ज लूट के मुकदमे में वांछित थे। उनके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। घायल पुलिसकर्मी और बदमाश दोनों का उपचार जारी है। ईएमएस