लंदन,(ईएमएस)। शराब की लत किस तरह जिंदगी को बर्बाद कर सकती है, इसका ताजा उदाहरण इंग्लैंड के एसेक्स निवासी 27 वर्षीय शान होलैंड हैं। 18 साल की उम्र में शराब पीना शुरू करने वाले शॉन की आदत कुछ ही वर्षों में इतनी बढ़ गई कि वे रोज़ाना करीब 6 हजार रुपये की शराब पीने लगे। हालात यह हो गई कि उनका शरीर पीला पड़ गया और कई अंगों ने काम करना करीब बंद किया। रिपोर्ट के मुताबिक, शॉन ने शुरुआत में एंग्जायटी और पैनिक अटैक से राहत पाने के लिए बीयर पीनी शुरू की थी। लेकिन 21 साल की उम्र तक आते-आते वे सुबह काम पर जाने से पहले भी शराब पीने लगे। यदि वे नहीं पीते, तब उनके हाथ कांपने लगते थे। धीरे-धीरे उनकी खपत इतनी बढ़ गई कि वे नाश्ते में आधा पिंट वोडका और दिनभर में छह बोतल वाइन तक पी जाते थे। लगातार बढ़ती लत का असर उनके व्यवहार पर भी पड़ा। शराब पीने के बाद वे हिंसक होते थे। अगस्त 2023 से अक्टूबर 2024 के बीच वे शराब से जुड़े हिंसक मामलों में तीन बार जेल भी गए। इसके बावजूद वे लत छोड़ नहीं पा रहे थे। मार्च 2025 में अपने जन्मदिन पर होटल के कमरे में जागने के बाद, चारों ओर खाली बोतलें देखकर उन्हें अपनी हालत का अहसास हुआ। एक पल के लिए उनके मन में आत्महत्या का विचार आया, लेकिन फिर उन्होंने जिंदगी बदलने का फैसला किया और शराब छोड़ने की ठानी। शराब छोड़ते ही उनके शरीर ने गंभीर प्रतिक्रिया दी। उन्हें दौरा पड़ने शुरु हुए और तब उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जांच में सामने आया कि उनका लिवर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था, किडनी डैमेज हो चुकी थी और स्प्लीन व पैंक्रियाज में भी समस्या थी। पेशाब का रंग गहरा हो गया था और पूरा शरीर पीलिया जैसी स्थिति में पीला पड़ गया था। डॉक्टरों ने चेतावनी दी कि उनके अंग फेल होने की कगार पर हैं और लिवर को हुआ नुकसान स्थायी हो सकता है। करीब तीन महीने तक उनकी हालत गंभीर बनी रही। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उन्होंने दो महीने रिहैब सेंटर में बिताए, जहां विशेषज्ञों की मदद से उन्होंने खुद को संभाला। आज शॉन को शराब छोड़े 11 महीने हो चुके हैं। वे पूरी तरह ‘सोबर’ हैं और अब उन लोगों की मदद कर रहे हैं, जो शराब की लत से जूझ रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि शराब की लत धीरे-धीरे शरीर को अंदर से खोखला कर देती है। समय रहते चेतना और उपचार से ही इससे बाहर निकला जा सकता है। शॉन की कहानी इस बात की चेतावनी भी है और उम्मीद की मिसाल भी। आशीष/ईएमएस 03 मार्च 2026