कोरबा (ईएमएस) कोरबा अंचल में सीएसईबी पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर स्थित एक चाय दुकान में गत रात्रि सेंधमारी की गयी। जानकारी के अनुसार अज्ञात चोरों ने बेखौफ अंदाज में दुकान का छज्जा तोड़कर भीतर प्रवेश किया और पान मसाला सहित अन्य सामान पर हाथ साफ कर फरार हो गए। दुकान संचालक अशोक सिंह ने बताया कि वे सुबह रोज की तरह दुकान खोलने पहुंचे तो नजारा देख दंग रह गए। छज्जा टूटा हुआ था, अंदर सामान बिखरा पड़ा था और पान मसाला के कई पैकेट गायब थे। साफ जाहिर है कि चोर आराम से वारदात को अंजाम देकर निकल गए। एक प्रश्न यह है कि जब पुलिस चौकी बिल्कुल पास में है, तब भी चोरों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो गए ? होली पर्व को लेकर हाल ही में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकालकर असामाजिक तत्वों को चेतावनी दी थी। स्थानीय व्यापारियों में गहन आक्रोश व्याप्त है। व्यापारियों ने रात गश्त बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 03 मार्च / मित्तल