क्षेत्रीय
03-Mar-2026
...


- लॉकेट लूटने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार बिलासपुर (ईएमएस)। मुंगेली होली त्योहार से पहले मुंगेली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए रास्ता रोककर हत्या का प्रयास और सोने का लॉकेट लूटने वाले तीन आरोपियों को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। सिटी कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। प्रार्थी ताम्रज सिंह (21 वर्ष), निवासी झाफल थाना लोरमी, 2 मार्च की तडक़े करीब 3.30 बजे रायपुर जाने के लिए मोटरसाइकिल (ष्टत्र 28 7390) से निकला था। सुबह लगभग 4.15 बजे मुंगेली-लोरमी तिराहा के पास तीन युवकों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि एक युवक ने उसका कॉलर पकडक़र गले में पहना काली रस्सी में ‘ऊं’ लिखा सोने का लॉकेट छीन लिया। विरोध करने पर पत्थर मारकर मोटरसाइकिल की हेडलाइट तोड़ दी गई, गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी गई और गला दबाकर जमीन पर गिरा दिया। पीड़ित किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहा। रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) द्वारा तैयार त्रिनयन एप्लिकेशन में दर्ज सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की जांच की। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर तीनों संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार आरोपी आशीष शिवारे (29 वर्ष), निवासी केशवपुर मुंगेली यशवंत रावते (27 वर्ष), निवासी केशवपुर मुंगेली, देवेश सोनी (24 वर्ष), निवासी महामाई वार्ड सोनारपारा मुंगेली पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। यशवंत रावते से एक मोबाइल फोन, देवेश सोनी से ‘ऊं’ लिखा सोने का लॉकेट बरामद किया गया। तीनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक प्रसाद सिन्हा सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। मनोज राज 03 मार्च 2026