- 8 माह पहले हुई थी शादी, पत्नी के वियोग और विवाद में दी जान गुना (ईएमएस) शहर के बूढ़े बालाजी क्षेत्र में एक 22 वर्षीय युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान लक्ष्मण अहिरवार के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि लक्ष्मण अपनी पत्नी के मायके से न आने और ससुराल पक्ष द्वारा लगातार दी जा रही प्रताडऩा के कारण मानसिक रूप से परेशान था, जिसके चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। विवाद के बाद गुना लौट आया था मृतक परिजनों ने बताया कि लक्ष्मण की शादी महज 8-10 माह पहले आरोन क्षेत्र के ग्राम टंक में हुई थी। शादी के बाद वह अपनी पत्नी और सास-ससुर के साथ मजदूरी करने गुजरात गया था, लेकिन वहां उनके बीच आए दिन विवाद और मारपीट होती थी। ससुरालियों के व्यवहार से परेशान होकर लक्ष्मण एक महीने पहले ही वापस गुना आ गया था, जबकि उसकी पत्नी अपने मायके चली गई थी। फोन पर भी उनका विवाद लगातार जारी था। कपड़े धुलवाए और लगा ली फांसी घटना वाले दिन लक्ष्मण ने अपने छोटे भाई की पत्नी से ससुराल जाने की बात कहकर कपड़े धोने को कहा था। परिजनों को लगा कि वह पत्नी के पास ससुराल जा रहा है, लेकिन देर शाम उसने घर के भीतर ही फांसी लगा ली। परिजनों ने मृतक की पत्नी और ससुराल पक्ष पर प्रताडऩा के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। - सीताराम नाटानी