03-Mar-2026
...


नई दिल्ली(ईएमएस)। होली के त्योहार पर राजधानी दिल्ली और उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज पूरी तरह साफ और शुष्क रहने वाला है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक, दिल्ली में होली के दिन अधिकतम तापमान 32-33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15-16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और तेज धूप खिलेगी, जिससे दोपहर के समय गर्मी का अहसास होगा। हालांकि, 15-20 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने वाली उत्तर-पश्चिमी हवाएं राहत का काम करेंगी। उत्तर प्रदेश में भी 4 मार्च को मौसम साफ रहेगा, जहां दिन का तापमान 30-34 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 13-16 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। सुबह के समय मौसम सुहावना रहेगा, लेकिन दोपहर में हल्की तपिश महसूस होगी। वहीं पंजाब में भी सुबह-शाम का मौसम खुशनुमा रहेगा, जहाँ अधिकतम तापमान 28-30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। राजस्थान में गर्मी का असर अधिक देखा जा सकता है, यहाँ अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुँचने के आसार हैं, जिससे दोपहर में लू जैसा अहसास हो सकता है। पश्चिम बंगाल की बात करें तो यहाँ अधिकतम तापमान 31-33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। यहाँ शुष्क मौसम के साथ-साथ गंगीय क्षेत्रों में हल्की उमस भी परेशान कर सकती है। इसके विपरीत, जम्मू-कश्मीर में 4 से 7 मार्च के बीच कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि दक्षिण केरल में भी छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है। आगामी 3-4 दिनों में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश और राजस्थान सहित उत्तर मध्य प्रदेश में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की और बढ़ोतरी होने का अनुमान है। कुल मिलाकर, उत्तर और मध्य भारत के अधिकांश राज्यों में होली का त्योहार धूप और बढ़ती गर्मी के बीच मनाया जाएगा। वीरेंद्र/ईएमएस/03मार्च2026 --------------------------------