क्षेत्रीय
03-Mar-2026
...


मुजफ्फरपुर, (ईएमएस)। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में सोमवार की देर रात करीब ढाई बजे एक भीषण हादसा होते-होते टल गया जब काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत माड़ीपुर इलाके में सड़क पर दौड़ती एक टाटा नेक्सॉन सीएनजी कार में अचानक आग लग गई। कार में तीन लोग सवार थे, जिन्होंने जलती कार से कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि दमकल के पहुंचने से पहले ही लाखों की गाड़ी जलकर खाक हो गई। स्थानीय नागरिकों द्वारा तत्काल इस घटना की जानकारी नगर निगम, स्थानीय थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही काजीमोहम्मदपुर थाने की पुलिस टीम दमकल की गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची। हालांकि, जब तक आग बुझाने की प्रक्रिया शुरू की गई, तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया और उसे फैलने से रोका। मिली जानकारी के अनुसार, कार सवार माड़ीपुर सड़क मार्ग से गुजर रहे थे। तभी अचानक कार के बोनट से धुंआ और आग की ऊंची लपटें निकलने लगीं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर कार से निकलने में लोग चंद सेकंड की भी देरी करते तो बड़ा हादसा हो सकता था। चूंकि गाड़ी सीएनजी किट से लैस थी, इसलिए कार सवार और पास मौजूद लोग बुरी तरह डरे हुए थे। चूँकि आग लगने के बाद सीएनजी कारों के सिलेंडर में जोरदार ब्लास्ट होता है। इसी धमाके के डर से तीनों युवक कार से काफी दूर जाकर खड़े हो गए। स्थानीय लोगों ने भी खतरे को देखते हुए दूरी बनाए रखी। लेकिन गनीमत ये रही कि आग बुझने तक कोई विस्फोट नहीं हुआ। संतोष झा- ०३ मार्च/२०२६/ईएमएस