- आरोपितों ने युवती को दुपट्टे से गला दबाकर हत्या की और जेवर लेकर चले गए मुरादाबाद (ईएमएस)। संभल जिले के असमोली क्षेत्र की युवती सबरीन उर्फ समरीन की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में मृतका के सगे जीजा हासिम और उसके दो साथियों अजीम बाबू और आदिल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपितों ने युवती को दुपट्टे से गला दबाकर हत्या की और उसके जेवरात लेकर चले गए। पुलिस के अनुसार, सबरीन और हासिम के बीच लगभग एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। सबरीन ने हासिम से शादी करने का दबाव बनाया, जबकि वह पहले से विवाहित था और उसके बच्चे भी थे। शादी से इनकार करने पर सबरीन ने फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी, जिससे हासिम और उसके दोस्तों ने हत्या की योजना बनाई। 26 फरवरी की रात, आरोपितों ने युवती को बुलाकर मैनाठेर क्षेत्र की नहर पर ले जाया। वहां तीनों ने मिलकर दुपट्टे से उसका गला दबाकर हत्या कर दी। 27 फरवरी की सुबह खेत में काम कर रहे लोगों ने शव कुएं में पड़ा देखा। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव की पहचान सबरीन के रूप में हुई। एसपी देहात ने बताया कि हासिम ने हत्या की योजना अपने दोस्तों अजीम और आदिल के साथ बनाई थी। तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मृतका के पिता बाबू ने बताया कि घटना के समय वह भट्ठे पर चौकीदारी कर रहे थे और परिवार के अन्य सदस्य घर पर थे। युवती को नशीला पदार्थ देकर घर से बाहर निकाला गया था। सतीश मोरे/03मार्च ---