राष्ट्रीय
03-Mar-2026


-तीन लोग हुए इससे प्रभावित, धुएं के फैलने से बचाव दल को हुई परेशानी मुंबई,(ईएमएस)। महाराष्ट्र के पालघर जिले में बोइसर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक रासायनिक इकाई से ओलियम गैस के रिसाव के कारण पूरे इलाके में दहशत फैल गई। प्रशासन की मुस्तैदी के कारण 1600 स्कूली बच्चों और 1000 श्रमिकों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। यह घटना सोमवार दोपहर करीब 2 बजे घटी। भगेरिया इंडस्ट्रीज लिमिटेड की इकाई में स्थित 2,500 लीटर क्षमता वाले ओलियम डे टैंक से अचानक रिसाव शुरू हुआ गया। मीडिया रिपोर्ट में अधिकारियों ने बताया कि तीन लोगों को आंखों में मामूली जलन की शिकायत हुई। उन्होंने बताया कि मुंबई के बाहरी इलाके में बोइसर एमआईडीसी क्षेत्र में स्थित इकाई के पांच किलोमीटर के दायरे में ओलियम गैस का रिसाव हुआ, जिसके चलते एहतियात के तौर पर लोगों को वहां से निकाला गया। रिसाव से सफेद धुएं का एक घना बादल बन गया जो हवा की गति के कारण तेजी से फैल गया, जिससे औद्योगिक क्षेत्र में रहने वाले लोगों और श्रमिकों के बीच दहशत फैल गई। गैस रिसाव के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका। स्थिति पर नजर रख रही कलेक्टर ने बताया कि आपदा प्रबंधन योजना को तुरंत सक्रिय कर दिया गया है। प्रशासन ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यह रिसाव 2,500 लीटर क्षमता वाले ओलियम डे टैंक से हुआ। हवा की दिशा के कारण धुआं आसपास के इलाकों में फैल गया। आधिकारिक ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में धुएं फैलने के कारण बचाव दल को रिसाव के सटीक स्थान तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ था। रासायनिक विशेषज्ञों और एनडीआरएफ कर्मियों ने धुएं को नियंत्रित करने के लिए बचाव दल ने रिसाव वाले टैंक के चारों ओर रेत की बोरियां लगा दी। अधिकारियों के मुताबिक कम से कम तीन लोगों को आंखों में मामूली जलन की शिकायत हुई उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। रिसाव स्थल पर मौजूद जिला पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों से घर के अंदर रहने और प्रशासन द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करने की अपील की। कलेक्टर ने जोर देते हुए कहा कि सभी संबंधित विभागों के समन्वय से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। नागरिकों को अफवाहों पर विश्वास नहीं करना चाहिए। सिराज/ईएमएस 03मार्च26