क्षेत्रीय
03-Mar-2026
...


पटना, (ईएमएस)। पटना में होली पर्व को ध्यान में रखते हुए मेट्रो यात्रियों के लिए एक अहम सूचना जारी की गई है। पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने त्योहार को ध्यान में रखते हुए बुधवार के परिचालन समय में अस्थायी बदलाव करने का निर्णय लिया है। यह फैसला यात्रियों की सुरक्षा, सुव्यवस्थित संचालन और कर्मचारियों को त्योहार मनाने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से लिया गया है। घोषणा के अनुसार, होली के दिन सुबह 8 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक मेट्रो सेवा पूरी तरह स्थगित रहेगी। यानी इस अवधि में मेट्रो के पहिए थमे रहेंगे। ऐसे में जो यात्री सुबह के समय सफर करने की योजना बना रहे थे, उन्हें अपनी यात्रा की समय-सारिणी में आवश्यक बदलाव करना होगा। दरअसल त्योहार के दौरान सड़कों पर बढ़ती भीड़ और रंगों के उत्साह को देखते हुए यह कदम एहतियातन उठाया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचा जा सके। हालांकि, दोपहर बाद यात्रियों को राहत मिलेगी। दोपहर 2.30 बजे से रात 8 बजे तक मेट्रो सेवा पुनः सामान्य रूप से संचालित की जाएगी। वर्तमान में मेट्रो का परिचालन पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से भूतनाथ स्टेशन के बीच किया जा रहा है। सामान्य दिनों में सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक कुल 24 फेरे लगाए जाते हैं, लेकिन होली के कारण इस दिन फेरों की संख्या में कुछ कमी रह सकती है। वहीं गुरुवार से मेट्रो अपनी नियमित समय-सारिणी के अनुसार ही चलेगी, जिससे यात्रियों को आगे किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। संतोष झा- ०३ मार्च/२०२६/ईएमएस