पश्चिम चंपारण(ईएमएस)। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी मिसाइल और ड्रोन हमलों के बीच ओमान की खाड़ी से एक विचलित करने वाली खबर सामने आई है। मरम्मत कार्य के लिए समुद्र में रुके स्काई लाइट नामक एक ऑयल टैंकर शिप पर घातक ड्रोन हमला हुआ है। इस हमले में बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया निवासी कैप्टन आशीष कुमार समेत दो लोग लापता हो गए हैं, जबकि एक ऑयल डेकर कर्मी की मौत की पुष्टि हुई है। कुल मिलाकर ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद मध्य पूर्व (मिडिल ईस्ट) में छिड़ी भीषण जंग की आग अब निर्दोष नागरिकों और अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार तक पहुंच गई है। बेतिया के शिक्षक नगर निवासी कैप्टन आशीष कुमार पिछले 16 वर्षों से इंडियन मर्चेंट नेवी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्हें 22 फरवरी 2026 को ही इस शिप पर कैप्टन के रूप में तैनात किया गया था। आशीष के परिजनों के अनुसार, शनिवार 28 फरवरी तक सब कुछ सामान्य था और उन्होंने वीडियो कॉल के जरिए अपनी मां और पत्नी से बात भी की थी। लेकिन रविवार सुबह से जब उनका कोई संदेश नहीं आया, तो परिवार की चिंता बढ़ गई। काफी प्रयासों के बाद जब शिप पर मौजूद रसोइए से संपर्क हुआ, तो पता चला कि शिप ड्रोन हमले का शिकार होकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। शिप प्रबंधन और अधिकृत अधिकारियों ने पुष्टि की है कि हमले के वक्त जहाज पर कुल 20 लोग सवार थे। इनमें से 17 चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है, लेकिन कैप्टन आशीष और चीफ इंजीनियर का अब तक कुछ पता नहीं चल सका है। लापता आशीष के छोटे भाई आकाश और पिता अशोक कुमार ने बताया कि शिप के अधिकारियों से हुई बातचीत में भी उनके लापता होने की बात कही गई है। समुद्र के उस हिस्से में जहां यह हमला हुआ, वहां वर्तमान में युद्ध जैसे हालात होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में भी काफी कठिनाइयां आ रही हैं। बेतिया में कैप्टन आशीष का पूरा परिवार गहरे सदमे और डर में है। परिजनों ने भारत सरकार और विदेश मंत्रालय से भावुक गुहार लगाई है कि इस युद्धग्रस्त क्षेत्र में फंसे उनके बेटे और अन्य लापता लोगों की तलाश के लिए तत्काल कूटनीतिक और सैन्य प्रयास किए जाएं। ईरान द्वारा कतर, बहरीन और सऊदी अरब जैसे देशों में स्थित अमेरिकी ठिकानों पर किए जा रहे हमलों के कारण ओमान की खाड़ी में जहाजों की आवाजाही अत्यंत जोखिम भरी हो गई है, जिसने सैकड़ों भारतीय परिवारों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। वीरेंद्र/ईएमएस/03मार्च2026 --------------------------------