क्षेत्रीय
03-Mar-2026


बिलासपुर (ईएमएस)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने होली पर्व के अवसर पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रमुख स्टेशनों पर अस्थायी प्रथम उपचार पोस्ट स्थापित किए हैं। 1 मार्च से 7 मार्च 2026 तक इतवारी, गोंदिया, उसलापुर, रायगढ़, शहडोल, रायपुर और दुर्ग रेलवे स्टेशनों पर ये विशेष चिकित्सा केंद्र संचालित रहेंगे। होली के दौरान यात्रियों की संख्या में वृद्धि को देखते हुए रेलवे ने प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था की है। इन केंद्रों पर आवश्यक दवाइयाँ, प्राथमिक चिकित्सा उपकरण और प्रशिक्षित चिकित्सकीय कर्मी 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे। यात्रा के दौरान अस्वस्थ, चोटिल या आपात स्थिति का सामना करने वाले यात्रियों को तत्काल उपचार प्रदान किया जाएगा। गंभीर मामलों में नज़दीकी रेलवे एवं सरकारी अस्पतालों से समन्वय कर शीघ्र इलाज सुनिश्चित किया जाएगा। रेलवे की यह पहल सुरक्षित और स्वस्थ यात्रा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। मनोज राज 03 मार्च 2026