क्षेत्रीय
03-Mar-2026


बिलासपुर (ईएमएस)। सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत महामाया चौक के पास सार्वजनिक स्थान पर मारपीट और हंगामे का मामला सामने आया है। बैंक कर्मी ने इसकी शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी युवती व उसके साथियों पर अपराध दर्ज कर लिया है। सांई प्रभा अपार्टमेंट, उसलापुर सकरी में रहने वाली युवती जो कि एचडीएफसी लाइफ (बंधन बैंक शाखा, सरकंडा) में निजी नौकरी करती हैं। 28 फरवरी की रात अपने सहकर्मी कमलेश सिंह और ज्योति राठौर के साथ बहतराई की ओर जा रही थीं। वे अपनी स्कूटी से अकेले थीं, जबकि उनके साथी अलग थे। महामाया चौक के पास स्कूटी क्रमांक सीजी 10 वाई 9089 के चालक मेघा सिन्हा और उसके अन्य साथी वहां पहुंचे और मंगला चौक के पास पूर्व में एंबुलेंस को साइड देने को लेकर हुए विवाद के कारण गाली-गलौच करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने शिखर के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। मारपीट में शिखर के दोनों हाथ, सीना और चेहरे पर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पर ज्योति राठौर और कमलेश सिंह को भी सामान्य चोटें आईं। शिकायत के आधार पर सरकंडा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। बताया जा रहा कि, पीड़िता ने मंगला चौक के पास आरोपी युवती और उसके साथी को एंबुलेंस को साइड देने की बात कही थी, इसी बात को लेकर आरोपियों ने उनका पीछा किया और फिर मारपीट की। विवाद से लगा जाम, दंगा का अपराध दर्ज- आरोप है कि आरोपियों ने चौराहे जैसे सार्वजनिक स्थान पर लड़ाई-झगड़ा कर लोक शांति भंग की। इतना ही नहीं आरोपियों ने सडक़ को जाम तक कर दिया। जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस ने मामले में मारपीट के अलावा दंगा की धारा में भी अपराध दर्ज किया है। मनोज राज 03 मार्च 2026