- एक ही फंदे से पति-पत्नी ने की खुदकुशी - सरकंडा के पटवारी प्रशिक्षण केंद्र के पास मिला दोनों का शव, पुलिस ने शुरू की जांच बिलासपुर (ईएमएस)। बिलासपुर शहर में रविवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। सरकंडा थाना क्षेत्र में सीपत रोड स्थित सूर्या चौक पटवारी प्रशिक्षण केंद्र के पास सडक़ किनारे एक नीम पेड़ पर नवविवाहित दंपती का शव एक ही फंदे से लटका मिला। दोनों ने कथित तौर पर एक ही कपड़े के फंदे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान जयरामनगर परसदा निवासी प्रकाश यादव (26) और उनकी पत्नी पूर्णिमा यादव (22) के रूप में हुई है। प्रकाश रोजी-मजदूरी करता था। दोनों की शादी करीब एक साल पहले ही हुई थी और वे चिंगराजपारा के कदमपारा इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे। विवाद के बाद सामान पैक कर निकले थे घर से टीआई प्रदीप आर्या ने बताया कि, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दंपती के बीच पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि पूर्णिमा गतौरी की रहने वाली थी और शादी के बाद से ही पति के साथ किराए के मकान में रह रही थी। प्रकाश रोजी-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। रविवार रात भी किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि बहस के बाद दोनों ने अलग रहने का निर्णय लिया और अपना-अपना सामान पैक कर घर से निकल गए। उस समय घर में मौजूद प्रकाश के पिता दिलहरण यादव सो रहे थे। घर से निकलने के बाद दोनों सीपत रोड की ओर पहुंचे और सूर्या चौक के पास स्थित पटवारी प्रशिक्षण केंद्र के समीप सडक़ किनारे नीम पेड़ पर एक ही कपड़े के फंदे से फांसी लगा ली। दोनों के गले में एक ही कपड़े का फंदा देर रात पेड़ पर शव लटकते देख राहगीरों ने तत्काल सरकंडा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रदीप आर्या अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए थे। पुलिस ने मौके का मुआयना किया और पाया कि दोनों के गले में एक ही कपड़े का फंदा था। शवों को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की गई और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रकाश के पिता दिलहरण यादव भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने उनका बयान दर्ज कर लिया है। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। ससुर के साथ नहीं रहने को लेकर विवाद की भी चर्चा स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी सामने आई है कि पूर्णिमा अपने ससुर के साथ नहीं रहना चाहती थी और इसी बात को लेकर घर में तनाव रहता था। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सरकंडा थाना पुलिस का कहना है कि दंपती के बीच विवाद की बात सामने आई है, लेकिन आत्महत्या के पीछे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ जारी है। मनोज राज 03 मार्च 2026