बिलासपुर (ईएमएस)। रतनपुर थाना क्षेत्र में रहने वाले एक आइसक्रीम व्यापारी को पिता के संबंध में गांव के एक व्यक्ति से पूछताछ करना भारी पड़ गया। आरोपी ने उसकी पिटाई कर दी। व्यापारी ने केवल यह पूछा था कि उसके पिता पिता जुआ खेलने गए हैं क्या, बस इसी बात पर उसकी पिटाई हो गई। पीड़ित शिवकुमार साहू ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम गिरजाबंद नवागांव निवासी शिवकुमार साहू ने पुलिस को बताया कि, वह खूंटाघाट क्षेत्र में आइसक्रीम बेचने का काम करता है। 1 मार्च की रात करीब 11 बजे वह देवकुमार साहू की दुकान के पास मौजूद था। उसी दौरान भीम साहू वहां आया। पीड़ित द्वारा अपने पिता के संबंध में पूछे गए सवाल पर आरोपी ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गालियां दीं और धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। आरोप है कि इसके बाद भीम साहू ने लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे शिवकुमार के नाक और दाहिने पैर की जांघ में गंभीर चोटें आईं। रतनपुर पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मनोज राज 03 मार्च 2026