क्षेत्रीय
03-Mar-2026
...


- किसान के खाते से उड़ाई दो किश्तों में रकम, जुर्म दर्ज बिलासपुर (ईएमएस)। बिल्हा थाना क्षेत्र में बिजली मीटर अपडेट करने के नाम पर एक किसान से 98 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। अज्ञात साइबर ठग ने खुद को विद्युत विभाग का कर्मचारी बताकर मोबाइल पर ऐप डाउनलोड कराया और कुछ ही मिनटों में खाते से दो बार में 49-49 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। पीड़ित की शिकायत पर बिल्हा पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रार्थी रविन्द्र नंदन यादव (36 वर्ष), निवासी ग्राम धनरास थाना कोटा, वर्तमान में वार्ड क्रमांक 4 बिल्हा में रहकर खेती-किसानी का कार्य करते हैं। उन्होंने थाने में दिए लिखित आवेदन में बताया कि वे ग्राम उमरिया थाना बिल्हा में अपना नया मकान बनवा रहे हैं। 27 फरवरी को सुबह करीब 10 बजे उनके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन किया। कॉल करने वाले ने खुद को विद्युत विभाग का कर्मचारी बताते हुए कहा कि उनका बिजली मीटर अपडेट किया जाना है। उसने निर्देश देते हुए एक ऐप डाउनलोड कर इंस्टॉल करने को कहा। प्रार्थी ने बताए अनुसार ऐप इंस्टॉल किया, जिसके तुरंत बाद उनका मोबाइल हैक हो गया और उनके एसबीआई बैंक खाते से दो बार में 49-49 हजार रुपये कुल 98 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर हो गए। दो अलग नंबरों से संपर्क, फिर मोबाइल बंद- रविन्द्र नंदन यादव ने पुलिस को बताया कि ठग ने एक मोबाइल नंबर से कॉल किया था, जबकि एक अन्य नंबर से व्हाट्सएप पर मैसेज भी भेजा गया। घटना के बाद जब उन्होंने दोबारा संपर्क करने की कोशिश की तो संबंधित मोबाइल नंबर बंद मिला। तब उन्हें समझ आया कि वे ऑनलाइन साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं। मनोज राज 03 मार्च 2026