क्षेत्रीय
03-Mar-2026
...


- तकनीकी प्रशिक्षण पर दिया गया जोर बिलासपुर (ईएमएस)। राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस के अवसर पर द इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स, छत्तीसगढ़ राज्य केंद्र द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से चेतना हॉल, पुलिस लाइन में संस्थागत, वाणिज्यिक भवनों एवं उद्योगों में अग्नि सुरक्षा विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता ने अग्नि सुरक्षा के प्रति प्रशासन की गंभीरता को स्पष्ट किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। राज्य केंद्र के अध्यक्ष इंजीनियर पुनीत चौबे ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि आग से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु जन-जागरूकता के साथ तकनीकी प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है। मुख्य वक्ता इंजीनियर अरविंद रस्तोगी ने हाल की अग्नि दुर्घटनाओं की केस स्टडी प्रस्तुत करते हुए आग लगने के कारण, विभिन्न प्रकार की आग के लिए उपयुक्त अग्निशामक यंत्रों तथा उनकी कार्यविधि की जानकारी दी। उन्होंने फायर अलार्म सिस्टम की कार्यप्रणाली एवं इलेक्ट्रिक वाहनों में संभावित अग्नि जोखिमों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। संभाग आयुक्त जैन ने कहा कि आधुनिक अग्नि सुरक्षा उपकरणों की स्थापना के साथ उनके सही उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी अनिवार्य है। आईजी गर्ग ने डिजिटल माध्यमों से युवाओं में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया। कलेक्टर अग्रवाल ने बहुमंजिला आवासीय परिसरों, अस्पतालों, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों एवं शासकीय भवनों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यशालाओं की आवश्यकता बताई। कार्यशाला में शैक्षणिक संस्थानों, इंजीनियरिंग कॉलेजों, चिकित्सकों, व्यवसायियों एवं तकनीकी विशेषज्ञों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। अंत में मानद सचिव डॉ. अजय त्रिपाठी ने आभार व्यक्त किया तथा कार्यक्रम का संचालन ज्योति बाला ने किया। बैठक में एसएसपी रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सरवे एवं नगर सेना के वरिष्ठ अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। मनोज राज 03 मार्च 2026