03-Mar-2026
...


- फाइनल में 72 रनों की शानदार जीत बिलासपुर (ईएमएस)। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स बिलासपुर द्वारा आयोजित कैट प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट के चौथे दिन खेले गए फाइनल मुकाबले में कैलाश भीमनानी चैम्पियंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मैच कनिषिका वारियर्स एवं कैलाश भीमनानी चैम्पियंस के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कैलाश भीमनानी चैम्पियंस ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए 8 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 132 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कनिषिका वारियर्स की टीम दबाव में बिखर गई और मात्र 57 रनों पर सिमट गई। इस प्रकार कैलाश भीमनानी चैम्पियंस ने 72 रनों से एकतरफा जीत दर्ज की। मैच में हरफनमौला प्रदर्शन के लिए कैलाश मतलानी को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। श्रृंखला में ‘बेस्ट बॉलर’ का पुरस्कार संतु भीमनानी को, ‘बेस्ट बैट्समैन’ एवं ‘मैन ऑफ द सीरीज’ का खिताब कैलाश मतलानी को तथा ‘बेस्ट फील्डर’ का अवार्ड आयुष नागदेव को प्रदान किया गया।फाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला रहे, जिन्होंने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।कार्यक्रम के अंत में कैट बिलासपुर अध्यक्ष हीरानंद जयसिंह ने सभी खिलाडिय़ों, प्रायोजकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। विजेता ट्रॉफी शैल वस्त्रालय तथा उपविजेता ट्रॉफी प्रयास अकादमी की ओर से प्रदान की गई। टूर्नामेंट को सफल बनाने में पदाधिकारियों एवं सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। मनोज राज 03 मार्च 2026