क्षेत्रीय
03-Mar-2026
...


कोर्ट ने तय किये आरोप, 10 मार्च से शुरू होगी सुनवाई भोपाल(ईएमएस)। राजधानी के इंद्रपुरी सी सेक्टर में दो पुलिस आरक्षकों संतोष बामनिया और सौरभ आर्य पर इंजीनियर उदित गायकी की पीटकर हत्या करने के मामले में भोपाल कोर्ट ने आरोप तय कर दिए हैं। मामले में सुनवाई 10 मार्च से शुरू होगी। जानकारी के मुताबिक उदित गायकी साल 2025 में अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी की तलाश में बेंगलुरू चला गया था। वे बालाघाट डीएसपी के साले थे। उदित परिवार का इकलौता बेटा था, उसकी दो बहनें हैं। घटना से दो दिन पहले अपने दस्तावेज लेने के लिए बेंगलुरू से भोपाल आए थे। 9-10 अक्टूबर की करीब आधी रात को उदित पहले आष्टा स्थित अपने दोस्तों से फिर भोपाल में अन्य दोस्तों से मिलने गए। रात करीब 11 बजे, दोस्तों के साथ इंद्रपुरी में पार्टी करने के बाद, रात डेढ़ बजे घर लौटते समय उनके साथ मारपीट की घटना घटी। आरोप है कि उदित की कार स्टार्ट होने के बाद पीछे से बाइक पर आए आरोपी दो पुलिसकर्मी उन्हें उतारकर बेरहमी से पीटने लगे। मारपीट के दौरान उदित को उल्टियां होने लगी। मौके पर पहुंचे उनके दोस्त उन्हें कार के पीछे की सीट पर लिटाकर मदद करने की कोशिश कर रहे थे। उस दौरान उदित काफी घबरा गया और दोस्तों से एसी तेज करने का कहता रहा। कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ हुआ की उदित की मौत जमकर की गई मारपीट के कारण हुई थी। रिपोर्ट में सामने आया की मारपीट से उदित के पेनक्रियाज को गंभीर चोट लगी थी, जिससे उनकी मौत हुई। उदित के दोस्तों ने आरोप लगाया कि घटना से पहले आरोपी पुलिसकर्मियों ने उनसे 10,000 रुपए की मांग की थी। पैसे देने से इंकार करने पर उदित के साथ मारपीट की गई थी। जुनेद / 3 मार्च