-जम्मू-कश्मीर की पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती ने की ओआईसी की आलोचना श्रीनगर,(ईएमएस)। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर की पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती ने मंगलवार को इस्लामिक सहयोग संगठन (ओआईसी) की आलोचना की। उन्होंने ईरान पर अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमलों पर ओआईसी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए इसे पूरे मुस्लिम जगत के साथ धोखा बताया है। एक्स पर एक पोस्ट के जरिए अपना आक्रोश व्यक्त करते हुए महबूबा ने कहा कि संकट की इस घड़ी में ओआईसी का मूक दर्शक बने रहना बेहद निराशाजनक है। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा- यह बेहद परेशान करने वाला है कि जब अमेरिका और इजराइल ईरान की संप्रभुता के खिलाफ खुलेआम आक्रामकता कर रहे हैं, तब ओआईसी एक मूक दर्शक की भूमिका में है। ईरान के सर्वोच्च नेता की खामेनेई की शहादत पर इसकी चुप्पी और इसका दोष उल्टा ईरान पर ही मढ़ने की कोशिश न केवल चिंताजनक है, बल्कि बेहद शर्मनाक भी है। महबूबा ने इस बात पर जोर दिया कि ओआईसी को ईरान पर हुए इस दुस्साहसिक हमले की कड़ी निंदा करनी चाहिए थी, लेकिन उसने ईरान पर ही दोष मढ़ने की कोशिश की। ओआईसी के रुख को एपस्टीन गैंग की कार्रवाइयों का परोक्ष समर्थन बताते हुए उन्होंने कहा कि ईरान पर इस खुले हमले की निंदा करने के बजाय उसने चुप्पी साधना चुना है, जो परोक्ष रूप से एपस्टीन गैंग की कार्रवाइयों का समर्थन करता है। यह मुस्लिम समुदाय की सामूहिक अंतरात्मा और हितों के साथ एक बहुत बड़ा विश्वासघात है। ओआईसी पर यह आरोप पहली बार नहीं है। पहले भी कई मौकों पर ओआईसी को पाकिस्तान का प्रॉक्सी बताकर आलोचना की जाती रही है, जहां यह कश्मीर पर भारत-विरोधी बयान जारी करता है, लेकिन अन्य मुस्लिम मुद्दों पर चुप्पी साध लेता है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक महबूबा मुफ्ती की यह कड़ी प्रतिक्रिया उन हालिया घटनाक्रमों के बाद सामने आई है, जिनमें शनिवार तड़के अमेरिका और इजराइल द्वारा किए गए संयुक्त हवाई हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की जान चली गई। इस घटना के बाद से ही वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक तनाव गहरा गया है। सिराज/ईएमएस 03मार्च26