- कार्यवाही के लिये थाने के चक्कर काट रहा पीड़ित भोपाल(ईएमएस)। राजधानी के कमला नगर थाना इलाके में रहने वाले एक युवक ने शूटिंग के कैमरे और लैंस मंडीदीप के युवक को किराए पर दिए। आरोपी युवक सामान लेने के बाद गायब हो गया है। फरियादी युवक ने कैमरे और अन्य सामान देते समय उस युवक का वीडियो शूट कर लिया था। मामले की लिखित शिकायत कमला नगर थाने में की गई है। हालांकि पुलिस ने फिलहाल आरोपी के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। जिससे परेशान युवक अब आला अफसरो से गुहार लगाने की बात कह रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक 23वीं बटालियन भदभदा का रहने वाला रितेश आर्य शुटिंग के कैमरे किराए पर देता और घर से अपना कारोबार करता है। अपनी शिकायत में उसने पुलिस को बताया कि सतलापुरा मंडीदीप जिला रायसेन का रहने वाला सुरेंद्र रघुवंशी नामक युवक अकसर उससे किराए पर कैमरे लेता था। बीते दिनों भी उसने करीब तीन लाख कीमत के कैमरे किराये पर लिए लेकिन तय समय से अधिक दिन बीत जाने के बाद भी जब उसने उसका सामान वापस नहीं लौटाया तब उसने उसे कई बार लगातार कॉल किये। लेकिन न तो उसने उसका फोन रिसीव किया और न ही वापस फोन लगाया। रितेश का कहना है की शिकायत के बाद भी पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। जिसके बाद अब वह आला अधिकारियों से शिकायत करने की बात कह रहा है। जुनेद / 3 मार्च