भोपाल(ईएमएस)। छोला मंदिर थाना इलाके में स्थित सब्जी मंडी के गेट के पास रविवार शाम बाइक सवार दो बदमाशों ने दो दोस्तों पर चाकू से जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रुप से घायल कर दिया। घटना के समय दोनो दोस्त सब्जी खरीदकर वापस लौट रहे थे। सड़क पार करते समय वह आरोपियों की गाड़ी के सामने आ गए। इसी बात को लेकर बदमाशों ने उनसे विवाद किया और चाकू से हमला कर दिया। बदमाश ने पहले एक युवक के सिर पर चाकू से वार किया जब उसके साथ मौजूद दोस्त उसे बचाने आया तब दूसरे बदमाश ने उसके पेट में चाकू घोंप दिया। पुलिस के मुताबिक शिव नगर निवासी शुभम चौरसिया (30) रविवार शाम दोस्त अजय (30) के साथ सब्जी खरीदने करोंद स्थित मंडी गया था। दोनों दोस्त सब्जी खरीदकर वापस घर लौट रहे थे। मंडी के गेट के पास आने के बाद दूसरी ओर जाने के लिए दोनों सड़क पार करने लगे। तभी तेज रफ्तार मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया और अचानक गाड़ी के सामने आने को लेकर गाली-गलौज करने लगे। जब उन्होनें गालियां देने का विरोध किया तब दोनों बदमाशो ने उनके साथ मारपीट करनी शुरु कर दी। मारपीट के दौरान ही एक बदमाश ने शुभम के सिर पर चाकू मार दिया। जब अजय उसे बचाने के लिए बाया तब बदमाश ने उसके पेट में चाकू घोंप दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिये हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया। वहां इलाज के बाद शुभम को छुट्टी दे दी गई जबकि अजय की हालत नाजूक होने के कारण उसे भर्ती कर उसका इलाज किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान जुटाने के लिये घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जायेगा। जुनेद / 3 मार्च