क्षेत्रीय
03-Mar-2026


- होली पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 3 हजार जवानो सहित अधिकारी मैदान में - 52 चेकपॉइंट्स आसमान से ड्रोन से रखी जा रही पैनी नजर - अपील- शराब पीकर वाहन नहीं चलाएं , शांतिपूर्वक एक-दूसरे से होली खेलें भोपाल(ईएमएस)। राजधानी पुलिस ने होली पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। करीब तीन हजार पुलिस जवानो सहित अधिकारी व कर्मचारी हुड़दंग करने वालो को सबक सिखाने के लिये मैदान में तैनात रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने के लिये पुलिस के दर्जनो वाहनों ने सोमवार देर शाम से हीपेट्रोलिंग शुरू कर दी। करीब डेढ़ सौ से अधिक संवेदनशील स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा प्रबंध और फिक्स पॉइंट बनाए गए हैं। होली के दिन के लिए पुलिस ने विशेष तैयारी की है। इस दिन शराब पीकर हंगामा मचाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं शराब पीकर उत्पात मचाने वालों को सीधे हवालात का रास्ता दिखाया जायेगा। इस बीच महिला के साथ अभद्रता करने वालों पर भी पुलिस विशेष नजर रखेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है, कि होली के दिन शराब पीकर वाहन नहीं चलाएं और शांतिपूर्वक एक-दूसरे से होली खेलें। - स्वास्थ्य विभाग ने भी की तैयारी होली और रंगपंचमी को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने भी अपनी तैयारी पूरी कर ली है। राजधानी के सभी शासकीय अस्पतालों में 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं। हर अस्पताल में 10 बेड रिजर्व रखे गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत भर्ती किया जा सके। 108 एंबुलेंस को प्रमुख और संवेदनशील इलाकों में तैनात रहने को कहा गया है। विभागीय अधिकारियो का कहना है कि होली के दौरान हर साल त्वचा में जलन, आंखों में खुजली-लालिमा और सांस लेने में तकलीफ के मामलों में अचानक बढ़ोतरी होती है। इस बार भी ऐसी आशंका को देखते हुए इमरजेंसी स्टाफ का विशेष ड्यूटी रोस्टर बनाया गया है। अस्पतालों में आई ड्रॉप, एंटी-एलर्जिक दवाएं और बर्न ट्रीटमेंट की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। - पुलिसकर्मी और अर्धसैनिक बल संभाले हुए है सुरक्षा की कमान राजधानी भोपाल में होली और रमजान को देखते हुए पुलिसकर्मी और अर्धसैनिक बल सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालें हुए है। इस दिन लापरवाही से गाड़ी चलाने या हुड़दंग मचाया तो 10 हजार रुपये तक की चालानी कार्यवाही और जेल जाना तय है। पुलिस ने असमाजिक तत्वो पर लगाम लगाने और सख्ती बरतने के लिये पहले ही शांतिभंग करने वालों की लिस्ट तैयार कर ली थी, जिनके खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की गई है, वहीं पुराने शहर के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। जुनेद / 3 मार्च