क्षेत्रीय
03-Mar-2026


भोपाल(ईएमएस)। पुराने शहर के शाहजहाँनाबाद थाना इलाके में बीते दिनो अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुए दो छात्रो में से 10वीं के एक छात्र ने करीब 11 दिन चले इलाज के बाद आखिरकार मंगलवार सुबह दम तोड़ दिया। हादसे के समय दोनों छात्र दो पहिया वाहन से अलसुबह की नमाज पढ़ने ताजुल मसाजिद जा रहे थे, इसी बीच रास्तें में तेज रफ्तार लोडिंग वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक छात्र की हालत काफी नाजुक बनी हुई थी, उसे इलाज के लिये भर्ती कर वेंटिलेटर पर रखा गया था। पुलिस फरार वाहन चालक की पहचान जुटाने के प्रयास कर रही है। थाना पुलिस के अनुसार कसेरा गली, शाहजहांनाबाद में रहने वाला अब्दुल्ला पुत्र फैजान खान (17) 10वीं कक्षा का छात्र था। रविवार सुबह करीब वह अपने दोस्त अयान अंसारी के साथ 5.30 बजे नमाज पढने जा रहा थे, पानी टंकी के पास अर्जुन भवन के सामने सफेद रंग के लोडिंग वाहन ने उनकी एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी। एक्सीडेंट में अब्दुल्ला के सिर में घातक चोटें आने से वह मौके पर ही बेसुध हो गया। जबिक उसके पीछे बैठे अयान अंसारी के पैर में गंभीर चोट आई है। घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिये अस्पताल पहुंचाया गया। वहां अब्दुल्ला की नाजूक हालत को देखते हुए उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। मंगलवार सुबह छात्र की इलाज के दौरान मौत हो गई। अस्पताल से मिली सूचना पर पुलिस केस दर्ज कर फरार वाहन चालक की जानकारी जुटाने के लिये आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही हैं। जुनेद / 3 मार्च