राज्य
03-Mar-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि रेखा सरकार डीटीसी में पिंक कार्ड अनिवार्य कर गरीब बाहरी राज्यों की महिलाओं से मुफ्त यात्रा का अधिकार छीन रही है। देश की राजधानी दिल्ली में विभिन्न राज्यों की रहने वाली गरीब महिलाओं से डीटीसी बसों में मुफ्त सफर का हक छीनने पर आम आदमी पार्टी ने बीजेपी सरकार को आड़े हाथ लिया है। आप दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि बीजेपी सरकार ने डीटीसी बसों में पिंक कार्ड अनिवार्य कर गरीब पूर्वांचली महिलाओं का हक मारा है। जब दिल्ली में रह रही हर महिला डीटीसी में मुफ्त सफर कर रही थी तो पिंक कार्ड की क्या जरूरत थी? एक साल बाद ही बीजेपी सरकार ने की यूपी, बिहार, हरियाणा समेत अन्य राज्यों की महिलाओं से अपनी नफ़रत को सामने ला दिया है। उन्होंने कहा कि जिस योजना में भ्रष्टाचार की कोई गुंजाइश नहीं थी, अब उसमें दलालों और अफसरों की चांदी कटेगी। आखिर रेखा गुप्ता सरकार पिंक कार्ड बनाने के लिए जनता का पैसा क्यों बर्बाद कर रही है? सौरभ भारद्वाज ने कहा कि बीजेपी की रेखा गुप्ता एक नया मजाक कर रही हैं। उनका कहना है कि अब महिलाओं को पिंक टिकट की जगह पिंक कार्ड दिया जाएगा। अब तक उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा या कहीं से भी आकर दिल्ली में रहने वाली कोई भी महिला बस में चढ़ती थी, तो उसे एक मुफ्त पिंक टिकट दे दी जाती थी, जिससे वह आसानी से सफर कर लेती थी। लेकिन अब यह व्यवस्था थोपी जा रही है कि महिलाओं को एक पिंक कार्ड बनवाना पड़ेगा। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/03/मार्च/2026