संभल (ईएमएस)। मां की पेंशन को लेकर चल रहे विवाद के बीच छोटे भाई ने अपने दो बेटों के साथ मिलकर बड़े भाई की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पिता-पुत्र मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार ऐंचोडा कंबोह थाना क्षेत्र के राजीवखेड़ा गांव निवासी संजीव कुमार (56) के पिता वेद प्रकाश सरकारी अध्यापक थे, जिनका वर्ष 2006 में निधन हो गया था। वेद प्रकाश की पत्नी ओमवती देवी को पारिवारिक पेंशन मिलती है। ब्रजकिशोर मां से पेंशन की रकम मांगता था, लेकिन ओमवती इनकार कर देती थीं। इसी बात को लेकर संजीव कुमार की छोटे भाई ब्रजकिशोर से अक्सर कहासुनी हो जाती थी। गत दिवस यह विवाद संजीव के लिए जानलेवा साबित हुआ। परिजनों के अनुसार दोपहर करीब 2ः30 बजे संजीव अपने पशुओं को खोलकर घर लाने के लिए गए थे। उसी दौरान वहां ब्रजकिशोर अपने दो बेटों अर्पित और आरव के साथ पहुंच गया। पहले आपसी कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। इसी दौरान ब्रजकिशोर और उसके दोनों बेटों ने तमंचे से संजीव कुमार पर गोली चला दी। गोली लगते ही संजीव कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की। कुछ ही देर बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी कुलदीप कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह भी गांव पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ ही परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर बयान दर्ज किए हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जितेन्द्र 03 मार्च 2026