- छात्रों को मिलेगा अवधारणात्मक अध्ययन का लाभ भोपाल(ईएमएस)। एम्स भोपाल में चिकित्सा शिक्षा को और मजबूत बनाने की दिशा में एक नई पहल की गई है। संस्थान में द्विभाषी पुस्तक “शरीर क्रिया विज्ञान में बहुविकल्पीय प्रश्न” का विमोचन किया गया। यह पुस्तक चिकित्सा विद्यार्थियों के लिए एक उपयोगी अध्ययन सामग्री के रूप में तैयार की गई है। यह पुस्तक डॉ. वरुण मल्होत्रा (अतिरिक्त प्रोफेसर, शरीर क्रिया विज्ञान विभाग, एम्स भोपाल) और डॉ. ज्योति केसवानी (संत हिरदाराम मेडिकल कॉलेज ऑफ नेचुरोपैथी एंड योग में प्रोफेसर और योग विभाग की प्रमुख) द्वारा लिखी गई है। पुस्तक का विमोचन एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक एवं सीईओ, प्रो. (डॉ.) माधवानन्द कर की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर डॉ. संतोष वाकोडे (विभागाध्यक्ष, शरीर क्रिया विज्ञान विभाग, एम्स भोपाल) भी मौजूद रहे। पुस्तक में शरीर के विभिन्न तंत्रों से जुड़े बहुविकल्पीय प्रश्न दिए गए हैं। हर प्रश्न के साथ उसका स्पष्ट और विस्तृत उत्तर भी दिया गया है। इससे विद्यार्थियों को केवल सही विकल्प चुनने की तैयारी ही नहीं, बल्कि विषय को समझने का अवसर भी मिलेगा। यह पुस्तक छात्रों को स्मरण आधारित अध्ययन के बजाय समझ के आधार पर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित करती है। पुस्तक की खास बात इसका द्विभाषी प्रारूप है। यह हिंदी और अंग्रेजी दोनों में उपलब्ध है, जिससे विभिन्न पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए भी यह पुस्तक सहायक सिद्ध होगी। इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) माधवानन्द कर ने कहा कि आज के समय में छात्रों को ऐसे अध्ययन-संसाधनों की जरूरत है जो सरल, विश्वसनीय और परीक्षा के अनुरूप हों। यह पुस्तक स्नातक और स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों के लिए भी उपयोगी सिद्ध होगी। हरि प्रसाद पाल / 03 फरवरी, 2026