अंतर्राष्ट्रीय
03-Mar-2026


तेहरान (ईएमएस)। इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच जंग का मंगलवार को चौथा दिन है। अमेरिका के स्पेशल प्रतिनिधि स्टीव विटकॉफ ने कहा कि ईरान के साथ परमाणु समझौते की आखिरी कोशिश भी नाकाम रही। अमेरिका ने ईरान से कहा था कि वह 10 साल तक यूरेनियम तैयार करने की प्रक्रिया को पूरी तरह बंद कर दे। बदले में अमेरिका न्यूक्लियर फ्यूल देने को तैयार था। लेकिन ईरान ने प्रस्ताव मानने से इंकार किया। विटकॉफ ने कहा कि दूसरी बैठक के बाद ही साफ हो गया था कि समझौता मुश्किल है, फिर भी एक आखिरी कोशिश की गई। लेकिन वह भी सफल नहीं हुई। बातचीत टूटने के बाद अमेरिका ने इजराइल के साथ मिलकर सैन्य कार्रवाई शुरू कर दी। ईरान में अब तक 742 लोगों की मौत हो चुकी है, इसमें 176 बच्चे हैं। 750 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। वहीं इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कहा है कि ईरान के खिलाफ चल रहा युद्ध लंबा और अंतहीन नहीं होगा। उनका कहना है कि यह युद्ध क्षेत्र में शांति लाने का रास्ता बना सकता है। नेतन्याहू ने कहा कि पहले भी अब्राहम अकॉर्ड के तहत इजराइल ने अरब के 4 देशों के साथ शांति समझौते किए थे। नेतन्याहू ने कहा कि अब अमेरिका के साथ मिलकर काम करने से और भी देशों के साथ शांति समझौते हो सकते हैं। आशीष दुबे / 03 मार्च 2026