:: सुरक्षा को लेकर निगमायुक्त के सख्त निर्देश; विजय चाट हाउस से सराफा तक चला निगम का विशेष सफाई अभियान :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर की ऐतिहासिक रंगपंचमी गैर को सुव्यवस्थित और बाधामुक्त बनाने के लिए नगर पालिक निगम ने कमर कस ली है। निगमायुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देशानुसार, गैर मार्ग पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु लटके हुए और अव्यवस्थित केबल तारों को हटाने का विशेष अभियान शुरू किया गया है। झोन क्रमांक 2 के उपयंत्री प्रिंस भारद्वाज और उनकी टीम द्वारा चलाए गए इस अभियान के पहले चरण में विजय चाट हाउस चौराहा से सराफा थाना के मध्य प्रभावी कार्रवाई की गई। यहाँ मार्ग पर नीचे लटके हुए अनावश्यक केबलों को हटाया गया, जो गैर यात्रा के दौरान ऊंचे वाहनों और भारी जनसमूह के लिए गंभीर बाधा बन सकते थे। निगम अधिकारियों के मुताबिक, द्वितीय चरण में शेष गैर मार्ग के अन्य हिस्सों में भी इसी प्रकार की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। आयुक्त क्षितिज सिंघल ने स्पष्ट निर्देशित किया है कि गैर मार्ग पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, बाधक सामग्री अथवा असुरक्षित ढांचे को तत्काल चिन्हित कर हटाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि भविष्य में केबल ऑपरेटर्स द्वारा पुनः अव्यवस्थित तार न लगाए जाएं, इसके लिए नियमित निरीक्षण और सतत निगरानी का तंत्र विकसित किया जाए। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य रंगपंचमी आयोजन को सुरक्षित, सुचारू और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराना है। प्रशासन का प्रयास है कि गैर में शामिल होने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी भी प्रकार की असुविधा या तकनीकी खतरे का सामना न करना पड़े। ऐतिहासिक परंपरा को तकनीक और सुरक्षा के समन्वय के साथ निर्बाध रूप से संचालित करने हेतु निगम का अमला अब युद्ध स्तर पर जुटा हुआ है। प्रकाश/03 मार्च 2026