इन्दौर (ईएमएस) करीब 40 लाख से ज्यादा के गबन और हेराफेरी के मामले में एक कार शो रूम संचालक ने अपने पूर्व मैनेजर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। मामला लसूडिया थाना क्षेत्र का है। मामले में बताया जा रहा है कि आरोपी पूर्व मैनेजर ने करीब 25 कारों को बेचकर उसका रुपया अपने पास रख लिया। गबन का यह आंकड़ा लाखों में है। लसूड़िया पुलिस के अनुसार लसूड़िया मोरी स्थित नेक्सा कार शोरूम के मालिक ने शोरूम के तत्कालीन टू-वैल्यू मैनेजर हेमराज यादव निवासी देवास के खिलाफ केस दर्ज करवाते बताया कि उसने ग्राहको और ब्रोकरों को बेची गई करीब 25 कारों का सेल एग्रीमेंट अन्य कारों के पेटे तैयार कर टू-वैल्यू आउटलेट की अकाउंट शाखा में जमा करवा दिए। और कारों के पेटे प्राप्त की राशि कंपनी में नहीं देते हुए खुद अपने पास रख ली। गबन की कुल राशि 40 लाख से ऊपर है। पुलिस के अनुसार मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है वहीं मामले में अन्य कर्मचारियों के भी उसके साथ शामिल होने की बात भी सामने आई है। उसकी गिरफ्तारी के बाद पूरे मामले का खुलासा होंगा। आनंद पुरोहित/ 03 मार्च 2026