राज्य
03-Mar-2026


अहमदाबाद (ईएमएस)| यूरोपीय देश रोमानिया के मिलीसौटी टाउन के महापौर वासिले कारारे तथा उनकी पत्नी दो दिन की गुजरात यात्रा पर पधारे हैं। अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने अहमदाबाद महानगर पालिका तथा राज्य के शहरी विकास एवं शहरी गृह निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ई-गवर्नेंस, शहरी विकास परियोजनाओं, नागरिक केन्द्रिय सेवाओं तथा औद्योगिक विकास के विषय में विचार-विमर्श किया। भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद् (आईसीसीआर) द्वारा आयोजित इस यात्रा में कारारे देश के विभिन्न राज्यों की यात्रा कर रहे हैं। गुजरात में उन्होंने अहमदाबाद की महापौर प्रतिभाबेन जैन तथा मनपा आयुक्त बंछानिधि पाणि सहित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भेंट कर विकास परियोजनाओं, ई-गवर्नेंस, रिवरफ्रंट डेवलपमेंट, अर्बन ट्रांसपोर्ट, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट तथा शहरी विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों की जानकारी प्राप्त की। इस बीच उन्होंने अहमदाबाद में इंटीग्रेटेड तथा कंट्रोल सेंटर का भी दौरा किया। मिलीसौटी के महापौर ने अहमदाबाद के अलावा गांधीनगर में शहरी विकास एवं शहरी गृह निर्माण विभाग के प्रधान सचिव एम. थेन्नारसन, नगर पालिका प्रशासन आयुक्त रेम्या मोहन तथा गुजरात शहरी विकास निगम के अपर मुख्य कार्यवाहक अधिकारी से भेंट की। इस दौरान उन्हें राज्य में शहरी विकास क्षेत्र में चल रही विभिन्न आइकॉनिक परियोजनाओं, ई-गवर्नेंस तथा राज्य सरकार के विजन के बारे में मार्गदर्शित किया गया। कारारे ने मिलीसौटी शहर के लिए रिवरफ्रंट प्रोजेक्ट के विकास में योगदान देने के विषय में राज्य के अधिकारियों के साथ चर्चा की। चर्चा के दौरान उन्हें बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट, धोलेरा हाईवे, सरदार वल्लभभाई पटेल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, ड्रीम सिटी सूरत तथा शहर में विभिन्न शहरी विकास परियोजनाओं से सृजित रोजगार के अवसरों के बारे में बताया गया। उन्होंने इस चर्चा में मिलीसौटी में स्मार्ट सिटी के निर्माण के बारे में जानकारी भी प्रस्तुत की और राज्य में गिफ्ट सिटी, साबरमती रिवरफ्रंट तथा धोलेरा के विकास सहित शहरी विकास के लिए हुए कार्यों की प्रशंसा की। गुजरात की अपनी इस यात्रा के दौरान उन्होंने गिफ्ट सिटी का भी दौरा किया। भारत तथा रोमानिया के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान अधिक सुदृढ़ बनाने एवं दोनों देशों में विद्यमान निवेश के अवसरों को प्रोत्साहन देने के लिए उनकी यह यात्रा महत्वपूर्ण है। उन्होंने रिवरफ्रंट विकास, स्मार्ट सिटी के विकास में एआई तथा डिजिटल प्रणालियों, अर्बन ट्रांसपोर्ट एवं ई-गवर्नेंस क्षेत्र में मौजूद अवसरों की चर्चा कर राज्य के अर्बन इकोसिस्टम, इन्फ्रास्ट्रक्चर व शहरी विकास की परियोजनाओं के विषय में सकारात्मक प्रतिभाव दिया। सतीश/03 मार्च