राज्य
03-Mar-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) एक अनाज व्यापारी को दूसरे व्यापारी के पास अपने बकाया रूपये लेने के लिए अपने डेढ़ साल पुराने कर्मचारी को भेजना महंगा पड़ गया। कर्मचारी बकाया एक लाख रूपए के साथ अपने मालिक की एक्टिवा लेकर फरार हो गया। पीड़ित व्यापारी ने मामले में पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है। मामला तिलकनगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार विकास अग्रवाल निवासी अग्रवाल नगर ने अपने कर्मचारी विवेक उर्फ कृष्णा पिता मुकेश वर्मा निवासी नीमा कॉलोनी नलखेड़ा उज्जैन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते पुलिस को बताया कि उनका छावनी क्षेत्र में अनाज का कारोबार है। उन्होंने अपने व्यापारिक लेनदेन के पैसे लेने विवेक को दूसरे व्यापारी अनूप अग्रवाल के कार्यालय जो कि वर्ल्डकप चौराहे के पास स्थित है पर अपनी एक्टिवा से भेजा था जहां से विवेक ने पैसे तो ले लिए लेकिन उसके बाद वापस उनके पास नहीं लौटा। घंटों बीत जाने पर भी जब विवेक उनके पास नहीं आया तो उन्होंने उसे फोन किया, लेकिन उसने फोन रिसीव नहीं किया। शंका होने पर उन्होंने अनूप को फोन किया तो उन्होंने विवेक को रुपए देने की पुष्टि की। इसके बाद उन्होंने पूरा माजरा समझते विवेक की शिकायत थाने पर की। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी विवेक की तलाश शुरू कर दी है। आनंद पुरोहित/ 03 मार्च 2026