पटना, (ईएमएस)। पटना पुलिस लगातार साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और इस बीच पटना पुलिस को फिर एक बड़ी सफलता हाथ लगी जब मंगलवार दिनांक 3 मार्च को साइबर थाना पटना द्वारा प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर संगठित साइबर ठगी गिरोह से जुड़े 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह लोगों को महानगर गैस कनेक्शन दिलाने के नाम पर झांसा देता था। अभियुक्त पहले लोगों को एक एपीके फाइल भेजते थे और उसे डाउनलोड कराने के लिए प्रेरित करते थे। इसके बाद 5 से 10 रुपये की छोटी राशि ट्रांसफर करने के बहाने पीड़ितों के बैंक खातों तक पहुंच बना लेते थे और अवैध तरीके से बड़ी रकम की साइबर ठगी को अंजाम देते थे। जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर कई शिकायतें दर्ज हैं। इससे यह स्पष्ट होता है कि गिरोह का नेटवर्क व्यापक स्तर पर सक्रिय था। पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ जारी है तथा गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तकनीकी अनुसंधान किया जा रहा है। जब्त मोबाइल, लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरणों की फॉरेंसिक जांच भी कराई जा रही है। साइबर थाना पटना के पुलिस उपाधीक्षक सह थानाध्यक्ष नीतीश चंद्र धारिया ने पत्रकारों को बताया कि साइबर अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और आम जनता से अपील की गई है कि किसी भी अनजान लिंक या एपीके फाइल को डाउनलोड करने से बचें। संतोष झा- ०३ मार्च/२०२६/ईएमएस